इस्लामाबाद: पाकिस्तान के आर्मी चीफ राहील शरीफ ने एक बार फिर भारत पर जुबानी हमला बोला है। शरीफ ने एलओसी पर सीजफायर उल्लंघन का ठीकरा भारत के सिर फोड़ते हुए इसे पाक में अस्थिरता फैलाने की कोशिश करार दिया। यही नहीं शरीफ ने भारत पर पाकिस्तान के विभिन्न हिस्सों में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने का आरोप भी मढ़ा ।
इस्लामाबाद में शनिवार को पाकिस्तान की नेवल अकैडमी की पासिंग आउट परेड में शरीफ ने भारत पर जमकर हमला किया। पाक आर्मी चीफ ने भारत की ओर इशारा करते हुए कहा, 'पूरी दुनिया पाकिस्तान की सुरक्षा चिंताओं से अवगत है। सीजफायर उल्लंघन, बलूचिस्तान और कराची में खून-खराबा दुश्मन की नीयत को दिखाता है '
शरीफ ने आगे कहा, 'पाकिस्तान शांति के लिए दूसरे देशों के साथ सहयोग के लिए हमेशा तैयार रहा है, लेकिन इसके लिए राष्ट्र के सम्मान और हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। '
यह पहली बार नहीं है जब शरीफ ने भारत पर इस तरह से जुबानी हमला किया है। तीन दिन पहले ही पाक आर्मी चीफ ने भारत को चेताते हुए कहा था कि कोई भी पाकिस्तान पर बुरी नजर डालने की हिम्मत न करे। इससे पहले शरीफ ने कश्मीर को पाकिस्तान का अभिन्न हिस्सा बताते हुए इसे बंटवारे का अधूरा अजेंडा करार दिया था।