इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने पेरिस में हुए आतंकवादी हमले की आज कड़ी निंदा की। इस हमले में 153 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया, पाकिस्तान की जनता और सरकार पेरिस में हुए भयंकर आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करती है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान की जनता एवं सरकार मारे गए लागों के शोेक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना तथा फ्रांस के लोगों एवं सरकार के प्रति सहानुभूति व्यक्त करना चाहती हैं। पाकिस्तान ने कहा, हम दुख की उनकी इस घड़ी में उनके साथ खड़े हैं। हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि पाकिस्तान एक बार फिर हर प्रकार के आतंकवाद की निंदा करता है।