इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने रिपब्लिकन पार्टी से अमेरिकी राष्ट्रपति पद की दौड़ में सबसे आगे चल रहे उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रम्प के इस बयान को खारिज कर दिया है कि कैद में रखे गए एक चिकित्सक को रिहा करने के लिए दबाव डाला जा सकता है, जिसने कथित तौर पर ओसामा बिन लादेन तक पहुंचने में मदद की थी। पाकिस्तान ने कहा कि यह देश अमेरिकी उपनिवेश नहीं है।
ओसामा के डॉक्टर को रिहा करने की ट्रंप की मांग खारिज की
गृहमंत्री निसार अली खान ने शकील अफरीदी को रिहा करने की ट्रम्प की मांग को खारिज कर दिया है, जिसने सीआईए को ऐबटाबाद में ओसामा के ठिकाने का पता लगाने में कथित तौर पर मदद की थी। खतरनाक आतंकवादी संगठन के सरगना लादेन को दो मई 2011 को एक अमेरिकी अभियान में मार गिराया गया था। अमेरिका में एक खबर लीक होने के बाद 50 वर्षीय अफरीदी को गिरफ्तार किया गया था। दरअसल, खबर में यह कहा गया था कि उसने ओसामा और उसके परिवार के सदस्यों के रक्त के नमूने हासिल करने के लिए एक फर्जी टीकाकरण अभियान चलाया था।
अमेरिकी अधिकारियों की मांग, अफरीदी को अमेरिका को सौंपे पाकिस्तान
अफरीदी की गिरफ्तारी के बाद से अमेरिकी अधिकारी उसकी रिहाई और अमेरिका को सौंपे जाने के लिए जोर दे रहे हैं। गौरतलब है कि ट्रम्प ने एक हालिया साक्षात्कार में कहा था कि यदि वह अमेरिकी राष्ट्रपति चुने जाते हैं तो वह दो मिनट के अंदर अफरीदी की रिहाई सुनिश्चित कर देंगे।