लाहौर: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में आज एक झोपड़ी में आग लगने से एक ही परिवार के छह लोगों की जलकर मौत हो गयी और तीन अन्य झुलस गए। मृतकों में पांच बच्चे शामिल हैं। बचाव कर्मिर्यों को घटनास्थल से एक से 14 साल की उम्र के पांच बच्चों और एक महिला का शव मिला है। पीर मिठा दरबार श्राइन के पास स्थित इस झोपड़ी में दो भाइयों का परिवार रहता था। जिला पुलिस अधिकारी अवैस अहमद ने कहा कि आग एक कमरे में लगी जहां लकड़ी और प्लास्टिक की सामग्री रखी थी, जिसका इस्तेमाल दोनों भाई करते थे।
बताया जाता है कि जलती सिगरेट की वजह से एक झोपड़ी में आग लग गई, जिसकी वजह से एक पूरा परिवार तबाह हो गया। एक अधिकारी ने कहा कि एक जलती सिगरेट चटाई के ऊपर गिर गई, जिसने तुरंत आग पकड़ ली और देखते-देखते यह आग बेकाबू होकर पूरी झोपड़ी में फैल गई।
जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, इस दुर्घटना से तीन को बचाकर तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, किसी भी अस्पताल में 'बर्न यूनिट' के न मिलने के कारण घायलों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा नहीं मिल सकी। आग लगने की घटना के समय परिवार के सभी सदस्य बांस से चटाई और टोकरी बनाने में व्यस्त थे।