इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने NSG में अपनी सदस्यता के लिए मेक्सिको और इटली से संपर्क साध कर उनका समर्थन मांगा है। गौरतलब है कि 48 देशों के समूह NSG में शामिल होने के पाकिस्तान ने अपने राजनायिक प्रयास ऐसे समय में तेज किए हैं, जब भारत भी इसकी सदस्यता के लिए कोशिश कर रहा है।
यहां विदेश कार्यालय के एक बयान में कहा गया, 'NSG की सदस्यता के लिए पाकिस्तान की अर्जी के लिए समर्थन जुटाने की दिशा में पाकिस्तान की ओर लगातार किए जा रहे राजनयिक प्रयास जारी रखते हुए विदेश मामलों पर प्रधानमंत्री के सलाहकार सरताज अजीज ने फोन पर मेक्सिको के मंत्री क्लाउडिया रूइज मैसियू से बात की।' उन्होंने मेक्सिको का समर्थन हासिल करने के मद्देनजर NSG सदस्यता के लिए पाकिस्तान की साख पर जोर दिया।
गौर करने वाली बात यह है कि दो दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेक्सिको यात्रा के दौरान वहां की सरकार से NSG सदस्यता के लिए भारत का समर्थन करने की बात कही थी। अमेरिका और स्विट्जरलैंड के बाद मेक्सिको ने समर्थन दिया था। भारत को NSG में शामिल किए जाने के मुद्दे पर जापान भी समर्थन देने का वादा कर चुका है।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नफीस जकारिया ने बुधवार को ट्वीट किया था, 'सलाहकार सरताज अजीज ने NSG सदस्यता के लिए पाकिस्तान की अर्जी पर समर्थन मांगने के लिए इटली के विदेश मंत्री पाओलो जेंटिलियोनी से बात की। दोनों के बीच काफी अच्छी बातचीत हुई।' पाकिस्तान की NSG सदस्यता के लिए समर्थन जुटाने की खातिर अजीज ने इस हफ्ते की शुरूआत में रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से भी बात की थी। बुधवार को अजीज ने इस मुद्दे पर न्यूजीलैंड के विदेश मंत्री र्मे मैक्कली और कोरिया गणराज्य के विदेश मंत्री यून ब्यूंग-से से भी संपर्क साधा था।