लाहौर: पूर्वी पाकिस्तान में एक परिवार की तीन महिलाओं की उनके पुरूष परिजनों ने दूसरे पुरूषों के साथ अवैध संबंधों के संदेह में गोली मारकर हत्या कर दी। स्थानीय पुलिस ने बताया कि तीनों महिलाएं फैसलाबाद के एक ही घर में रहती थीं। तीनों की उम्र 22, 28 और 29 साल थी।
पुलिस जांचकर्ता मोहम्मद अयूब ने कहा, पुरूषों को उनके दूसरे मर्दों के साथ अवैध संबंधों का शक था और इस वजह से उन्होंने महिलाओं की छाती एवं चेहरे पर गोली मारी और हत्या के बाद फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि यह झूठी शान के लिए की गयी हत्या का मामला लगता है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाशी शुरू कर दी है।
पाकिस्तान में हर साल परिवार की झूठी शान को बचाने के नाम पर सैकड़ों महिलाओं की उनके परिजनों द्वारा हत्या की जाती है। रुढ़िवादी सामाजिक मान्यताओं का विरोध करने वालों के खिलाफ कट्टरपंथी तत्व एकजुट हो जाते हैं, लेकिन अपनी पुरातनपंथी सोच को ये लोग छोड़ नहीं पा रहे हैं। पाकिस्तानी शासक मिसाइलों और एटम बमों की बात तो करते हैं, लेकिन समाज को सुधारने की फिक्र नहीं करते।