इस्लामाबाद: पिछले सप्ताह भारतीय रॉ एजेंसी के गुप्तचर कुलभूषण यादव को क्वेटा में पाक सुरक्षा एजेंसियों ने गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद पाकिस्तान ने यूरोपीय संघ और दुनिया के कई बड़े देशों को इस भारतीय जासूस की गिरफ्तारी की जानकारी दी। विदेश विभाग के प्रवक्ता नफीस जकरिया ने एक साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि भारतीय सैनिक की गिरफ्तारी की सूचना दुनिया के बड़े देशों को दे दी है। जकारिया ने कहा कि पाकिस्तान ने पिछले साल संयुक्त राष्ट्र और अमेरिका को पाकिस्तान में भारत प्रायोजित आतंकवाद के बारे में सूचना और सबूत सौंपा था।
उन्होंने बताया, 'हमने पी-5 (चीन, फ्रांस, रूस, अमेरिका और ब्रिटेन) और ईयू को यादव के मुद्दे पर जानकारी दी है। यादव की गिरफ्तारी और इकबालिया बयान के बाद भारतीय उच्चायुक्त को विदेश कार्यालय में तलब किया गया था और हमने अपना विरोध तथा गंभीर चिंता से अवगत कराया।' उन्होंने कहा कि यादव को उच्चायुक्त पहुंच मुहैया कराने के भारत के अनुरोध पर पाकिस्तान विचार कर रहा है। संयुक्त जांच टीम के भारत का दौरा करने के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बनी सहमति के मुताबिक जेआईटी 27 मार्च को भारत पहुंची है और काम शुरू कर दिया है।