1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इस वजह से हुई पाकिस्तान में सिख नेता की हत्या

इस वजह से हुई पाकिस्तान में सिख नेता की हत्या

 Written By: India TV News Desk
 Published : Apr 26, 2016 12:08 pm IST,  Updated : Apr 26, 2016 12:08 pm IST

पिछले दिनो पाकिस्तान में हुए लोकप्रिय सिख नेता की हत्या में हिन्दू प्रतिद्वंद्वी का हाथ है।

pakistan- India TV Hindi
pakistan

पेशावर: पिछले दिनो पाकिस्तान में हुए लोकप्रिय सिख नेता की हत्या में हिन्दू प्रतिद्वंद्वी का हाथ है। जांच से पता चला है कि चुनाव के लिए टिकट ना मिलने पर उसने सुपारी देकर सिख नेता की हत्या करवाई थी।

इमरान खान के नेतृत्व वाली पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के स्वात जिले के पार्षद और अल्पसंख्यक नेता बलदेव कुमार को उनकी ही पार्टी के एक अन्य नेता डॉक्टर सरदार सूरन सिंह की हत्या के मामले में कथित संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। 52 साल के सरदार सिंह अल्पसंख्यक मामलों पर खबर पख्तूख्वा प्रांत के मुख्यमंत्री के विशेष सहायक थे। गौरतलब है कि इस सिख नेता की हत्या के बाद इसकी जिम्मेदारी पाकिस्तान तालिबान ने ली थी।

मलकंद डिवीजन के पुलिस उपमहानिरीक्षक आजाद खान ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि कुमार ने 10 लाख रुपये देकर सिंह की हत्या करने की सुपारी दी। कुमार चुनाव के लिए टिकट उनकी जगह सिंह को दिए जाने के नाराज थे। सिंह पार्टी में कुमार के मुकाबले नए हैं।

पुलिस अधिकारी ने कहा, 'बलदेव कुमार ने अपने दोस्त और शंगला के पूर्व नाजिम मोहम्मद आलम की मदद से सिंह की हत्या की योजना बनायी। आलम ने हत्या की सुपारी सईद जान को दी और उसे इस काम के लिए 10 लाख रुपये देने का वादा किया। जान को दो लाख रुपये अग्रिम राशि भी दी गई।' उन्होंने बताया, 'सईद जान ने यह काम मुख्तार और बेहरोज खान को सौंपा तथा दोनों को उन्हें (सिंह को) निशाना बनाने के लिए बर्नर के पीर बाबा भेजा। मुख्तार और बेहरोज खान ने पिछले शुक्रवार को बर्नर के पीर बाबा इलाके में सीढ़ियों पर सूरन सिंह की हत्या कर दी। सिंह किसी की अंत्येष्टि से लौट रहे थे।'

खान ने बताया प्रांत में 2013 में हुए चुनाव के दौरान अल्पसंख्यकों के लिए सुरक्षित सीट से टिकट सिंह को दिए जाने को लेकर कुमार नाराज थे। 2011 में पार्टी में शामिल हुए सिंह को चुनाव के लिए टिकट दिया गया और आंतरिक चुनाव के बाद उन्हें अल्पसंख्यक शाखा का महासचिव भी चुन लिया गया था। उन्होंने बताया कि कुमार और सिंह बिजनेस पार्टनर थे।

पुलिस उपमहानिरीक्षक ने आतंकवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के दावे को भी खारिज किया है कि सिख नेता की हत्या उस संगठन ने की है। उन्होंने बताया कि सिंह की हत्या में शामिल सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सिंह की बेटी की शिकायत पर मामला भी दर्ज कर लिया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश