1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान ने कराची की जेलों में बंद 147 भारतीय मछुआरों को रिहा किया

पाकिस्तान ने कराची की जेलों में बंद 147 भारतीय मछुआरों को रिहा किया

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 07, 2018 08:04 pm IST,  Updated : Jan 07, 2018 08:04 pm IST

इन मछुआरों को पाकिस्तान ने अपने जल क्षेत्र में कथित तौर पर मछली पकड़ने को लेकर गिरफ्तार किया था...

Representational Image | AP Photo- India TV Hindi
Representational Image | AP Photo

इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने ‘सद्भावना’ दिखाते हुए अपने यहां जेल में बंद 147 भारतीय मछुआरों को रविवार को रिहा कर दिया। इन मछुआरों को पाकिस्तान ने अपने जल क्षेत्र में कथित तौर पर मछली पकड़ने को लेकर गिरफ्तार किया था। ये मछुआरे 8 महीने से कराची की एक जेल में बंद थे। मीडिया में आई एक खबर में यह दावा किया गया है और इस्लामाबाद में पुलिस ने भी इस बात की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक, ‘सद्भावना के तहत’ कराची में मछुआरों को रिहा किया गया। उन्हें लाहौर ले जाया जाएगा और सोमवार को वाघा सीमा पर भारतीय अधिकारियों को सौंपा जाएगा।

गौरतलब है कि दिसंबर में पाकिस्तान के विदेश कार्यालय प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने घोषणा की थी कि करीब 300 भारतीय मछुआरों को 8 जनवरी तक 2 चरणों में रिहा किया जाएगा। इससे पहले, 28 दिसंबर को पाकिस्तान ने प्रथम समूह के तौर पर 145 भारतीय मछुआरों को रिहा किया था, जो इसी तरह के आरोप में वहां कैद रखे गए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 147 मछुआरों को वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मछुआरे कराची छावनी स्टेशन से रविवार को लाहौर पहुंचेंगे जहां से वे लोग वाघा सीमा पार करेंगे और घर लौटेंगे। कराची के मलीर जेल अधिकारियों के हवाले से यह कहा गया है।

उन्होंने बताया कि मछुआरों की यात्रा का खर्च ईदी फाउंडेशन उठाएगा। यह पाकिस्तान स्थित गैर लाभकारी कल्याण संगठन है। जेल अधीक्षक हसन सेहतो ने कहा, ‘करीब 262 भारतीय मछुआरे मलीर जेल में अब भी हैं।’ एक दूसरे के जल क्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने को लेकर पाकिस्तान और भारत के मछुआरे अक्सर ही हिरासत में ले लिए जाते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश