1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा 6 दिनों बाद फिर खुली

पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा 6 दिनों बाद फिर खुली

 Written By: IANS
 Published : Jun 18, 2016 05:06 pm IST,  Updated : Jun 18, 2016 05:10 pm IST

इस्लामाबाद: तोरखम में पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा शनिवार को फिर से खोल दी गई। यह सीमा लगभग छह दिनों से बंद थी और इस दौरान पाकिस्तान की तरफ एक फाटक के निर्माण को लेकर दोनों पक्षों में

pak afghani border- India TV Hindi
pak afghani border

इस्लामाबाद: तोरखम में पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा शनिवार को फिर से खोल दी गई। यह सीमा लगभग छह दिनों से बंद थी और इस दौरान पाकिस्तान की तरफ एक फाटक के निर्माण को लेकर दोनों पक्षों में झड़पें हुईं थीं। पाकिस्तान के दैनिक अखबार डॉन की वेबसाइट के अनुसार, सुरक्षा सूत्रों ने कहा कि शनिवार को दोनों देशों के अधिकारियों की बैठक हुई, जिसके बाद यातायात के लिए सीमा फिर से खोल दी गई और तोरखम में कर्फ्यू हटा लिया गया।

सूत्रों के अनुसार, तोरखम में फाटक का नाम पाकिस्तानी सेना के मेजर अली जवाद चंगेजी के नाम पर रखा जाएगा। अफगानिस्तान की ओर से गोलीबारी में मेजर चंगेजी की मौत हो गई थी। सीमा फिर से खोले जाने के बाद लोगों की गहन जांच की गई और सिर्फ उन्हीं लोगों को पाकिस्तान में प्रवेश की इजाजत दी गई है, जिनके पास सभी आवश्यक दस्तावेज हैं।

सीमा बंद होने के कारण सीमा की दोनों ओर हजारों लोग और ट्रक फंसे हुए थे। पाकिस्तानी क्षेत्र में नई सीमा चौकी के निर्माण को लेकर गत रविवार को दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हुई थी। गोलीबारी में एक पाकिस्तानी सेना के अधिकारी और एक अफगान अधिकारी की मौत हो गई, जबकि दोनों तरफ कुछ अधिकारी और आम नागरिक घायल भी हुए।

अफगानिस्तान ने हिंसा को लेकर अपना विरोध दर्ज कराने के लिए मंगलवार को पाकिस्तानी राजदूत को तलब किया था। इसी तरह पाकिस्तान ने भी सोमवार को इस्लामाबाद में अफगानी उपराजदूत को तलब किया था। एक दिन पूर्व हुए कूटनीतिक और सैन्य संपर्को के बाद दोनों देश बुधवार को संघर्ष-विराम पर राजी हो गए, लेकिन जिन शर्तो पर संघर्ष-विराम हुआ, उसके बारे में दोनों तरफ से विवादास्पद दावे किए गए हैं।

अफगानिस्तान के राजदूत उमर जखिलवाल ने कहा कि पाकिस्तानी अधिकारियों के साथ बैठक में प्रवेश द्वार के निर्माण कार्य फिर से शुरू करने पर सहमति नहीं बनी थी। निर्माण कार्य नहीं रोके जाने पर अफगानी दूत ने बैठक छोड़ने तक की धमकी दी थी।  सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, प्रवेश द्वार का निर्माण कार्य शनिवार तक जारी था। पाकिस्तान का कहना था कि आतंकियों को सीमा पार करने से रोकने के लिए द्वार का निर्माण किया जा रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश