1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान: सिंध में लोग मक्खियों के आतंक से परेशान, मुक्ति के लिए विधानसभा में मांगी गई दुआ

पाकिस्तान: सिंध में लोग मक्खियों के आतंक से परेशान, मुक्ति के लिए विधानसभा में मांगी गई दुआ

 Reported By: IANS
 Published : Aug 27, 2019 05:19 pm IST,  Updated : Aug 27, 2019 05:19 pm IST

पाकिस्तान के प्रांत सिंध में लोग मक्खियों के आतंक से परेशान हैं। नौबत यहां तक पहुंच गई कि मामला न केवल विधानसभा में उठा बल्कि इन मक्खियों से मुक्ति के लिए विशेष दुआ कराई गई।

sindh assembly- India TV Hindi
sindh assembly

कराची: पाकिस्तान के प्रांत सिंध में लोग मक्खियों के आतंक से परेशान हैं। नौबत यहां तक पहुंच गई कि मामला न केवल विधानसभा में उठा बल्कि इन मक्खियों से मुक्ति के लिए विशेष दुआ कराई गई। अखबार 'जंग' की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। इसमें कहा गया है कि विधायक नुसरत सहर अब्बासी ने कहा कि जिस तरह सरकार की तरफ से बयान दिया गया कि बारिश आती है तो पानी आता ही है, ऐसे ही यह बयान भी दिया जाए कि जब बारिश आती है तो मक्खियां भी आती हैं। कराची से कश्मोर तक, राज्य में हर जगह मक्खियों ने जीना मुहाल कर दिया है। इनके खात्मे के लिए विधानसभा अध्यक्ष दुआ कराएं।

रिपोर्ट के मुताबिक, एक अन्य विधायक राणा अनसार ने कराची में मक्खियों के आतंक की शिकायत की और इनसे निपटने के लिए विशेष दुआ कराने की गुजारिश की। जबकि, विधायक खुर्रम शेर जमान ने कहा कि ईद उल अजहा में जानवरों की कुर्बानी और बारिश के बाद कराची में हालात बदतर हो गए हैं। बीमारियां बढ़ गई हैं। मुख्यमंत्री बताएं कि वह इनसे निपटने के लिए क्या कदम उठा रहे हैं।

सरकार की तरफ से बताया गया कि सूबे में फॉगिंग शुरू करा दी गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश