इस्लामाबाद: पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सरताज अजीज ने आज कहा कि प्रधानमंत्री अपनी सरजमीं पर रिसर्च एंड अनालिसिज़ विंग (रॉ) की संलिप्तता के मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र में उठाएंगे।
नेशनल असेंबली में सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने यह टिप्पणी की।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पाकिस्तान में रॉ की गतिविधियों का मुद्दा विभिन्न विदेशी नेताओं के साथ पहले ही उठाया है।
उन्होंने बताया कि विदेश सचिव ने इस साल मार्च में विदेश सचिव स्तरीय वार्ता के दौरान रॉ की गतिविधियों पर चर्चा की थी।
भारत ने इन आरोपों को पहले ही खारिज कर दिया है कि इसकी विदेशी खुफिया एजेंसी रा पाकिस्तान में संकट पैदा करने में लिप्त है।
अजीज ने कहा कि भारत के साथ कश्मीर केंद्रीय मुद्दा है और पाकिस्तान का मानना है कि इसे संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव के मुताबिक सुलझाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गुरदासपुर में हुई आतंकवादी घटना की पाकिस्तान निंदा करता है लेकिन साथ ही उन्होंने भारत के इस आरोप को खारिज कर दिया कि तीन आतंकवादी पाकिस्तान से आए थे। उन्होंने यह भी कहा कि वह देश अपनी हिफाजत कर सकता है।