टोक्यो: शैतानी करना बच्चों की आदत होती है लेकिन जापान में एक मां—बाप को बच्चे की शैतानी इतना नागवार गुज़री कि उन्होंने अपने सात साल के बच्चे को बीच जंगल में गाड़ी से उतार दिया। इस बेरहमी का एहसास होते ही माता—पिता को बच्चे ढूंढ़ने वापस आ गए लेकिन तब तक बच्चा घने जंगल में खो चुका था। तीन दिन से लापता बच्चे को ढूंढने में जापान के 180 बचावकर्मी और अन्य लोग लगे हुए हैं।
इस ख़बर के छपने के साथ ही लोगों ने सोशल मीडिया में भी माता—पिता को कोसना शुरु कर दिया।
मां-बाप ने जिस जंगल में बच्चे को उतारा गया है वहां बड़ी संख्या में भालु रहते हैं। पिता ने पुलिस को शुरुआत में बताया था कि जब वे लोग जंगल में जंगली कंद मूल तलाशने के लिए पहाड़ की चढ़ाई कर रहे थे तो बच्चा खो गया था, लेकिन बाद में स्वीकार किया कि वे बच्चे को सजा देने के लिए उसे जंगल में छोड़ आए थे।
सात वर्षीय यामातो, उसकी बड़ी बहन, मां और पिता शनिवार को जंगल के नजदीक एक पार्क में आए थे, लेकिन जब इस बच्चे ने कारों और लोगों पर पत्थर फेंके तो उसके माता पिता को ग़ुस्सा आ गया और घर लौटते समय माता पिता ने यामातो को कार से बाहर निकाल दिया। वे बच्चे को छोड़कर करीब 500 मीटर आगे आ गए। माता—पिता को अपनी गलती का अहसास हुआ और वे तुरंत ही वापस लौटे, लेकिन कुछ ही पलों में बच्चा गायब हो गया।