1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. अफगानिस्तान में बांध के उद्घाटन के बाद PM मोदी कतर रवाना

अफगानिस्तान में बांध के उद्घाटन के बाद PM मोदी कतर रवाना

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jun 04, 2016 06:20 pm IST,  Updated : Jun 04, 2016 06:21 pm IST

अफगानिस्तान में सलमा बांध के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की अपनी यात्रा के दूसरे चरण के तहत शनिवार को दोहा, कतर के लिए रवाना हो गए।

modi- India TV Hindi
modi

हेरात: अफगानिस्तान में सलमा बांध के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की अपनी यात्रा के दूसरे चरण के तहत शनिवार को दोहा, कतर के लिए रवाना हो गए। अफगानिस्तान में सलमा बांध का निर्माण भारत की मदद से चल रहे सबसे महत्वपूर्ण निर्माण कार्यो में से एक है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट किया, "भारत-अफगानिस्तान की दोस्ती अमर रहे। छोटी और महत्वपूर्ण यात्रा समाप्त। प्रधानमंत्री अपनी यात्रा के दूसरे चरण के तहत कतर रवाना।"

मोदी यहां शनिवार को पहुंचे थे, उन्होंने अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी के साथ भारत-पाकिस्तान मित्रता बांध, जिसे पहले सलमा बांध के नाम से जाना जाता था, का उद्घाटन  किया। इस बांध का निर्माण भारत की मदद से दोबारा हुआ है। प्रधानमंत्री ने इसके बाद हेरात स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास का दौरा किया और वहां के कर्मियों से मिले। इस वाणिज्य दूतावास पर मई 2014 में आतंकवादी हमला हुआ था।

मोदी की पिछले पांच महीनों के दौरान अफगानिस्तान की यह दूसरी यात्रा है। वे पिछले साल दिसंबर में काबुल गए थे और उन्होंने नवनिर्मित संसद भवन का उद्घाटन किया था। उसका निर्माण भी भारत की मदद से किया गया है।

शनिवार को दोहा पहुंचने के बाद मोदी भारतीय मजदूरों के एक शिविर का दौरा करेंगे। वे कतर के प्रधानमंत्री अब्दुल्ला बिन नस्सर बिन खलीफा अल थानी की मेजबानी में शनिवार की शाम को आयोजित रात्रिभोज में शामिल होंगे।

PM नरेंद्र मोदी 5 देशों की यात्रा पर

कतर यात्रा के बाद PM मोदी वहां से वह स्विट्जरलैंड के लिए रवाना होंगे। नरेंद्र मोदी स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति जोहान स्निडर अम्मानन समेत स्विस नेतृत्व के साथ बैठक करेंगे और ऐसी संभावना है कि वे स्विट्जरलैंड में भारतीयों के कालाधन का पता लगाने के लिए उनसे सहयोग मांगेंगे। सूत्रों के अनुसार, दोनों देशों के अधिकारी एक समझौते को अंतिम रूप देने पर काम कर रहे हैं जो कर से जुड़े मुद्दों पर सूचनाओं के आदान-प्रदान का मार्ग प्रशस्त करेगा।

स्विट्जरलैंड सरकार ने 18 मई को एक अध्यादेश पर विचार विमर्श शुरू किया है ताकि एक ऐसा तंत्र बनाया जा सके जो भारत एवं अन्य देशों के साथ कर सूचनाओं के तुरंत आदान प्रदान का मार्ग प्रशस्त कर सके।

7 जून को अमेरिका जाएंगे PM मोदी

प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा के निमंत्रण पर 7 जून को अमेरिका जाएंगे, जहां वह रक्षा, सुरक्षा और उर्जा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। PM मोदी वहां अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे।

अमेरिका से वापसी में वह मैक्सिको जाएंगे, जहां भारत की नजरें कारोबार और निवेश संबंधों पर लगी हैं। पिछले वर्ष सितंबर में संयुक्त राष्ट्र यात्रा के दौरान न्यूयॉर्क में मोदी और मैक्सिको के राष्ट्रपति एनरिक पेना नीटो के साथ बातचीत हुई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश