बीजिंग: दक्षिणी चीन के गुआंग्शी क्षेत्र में एक अदालत में पुलिसकर्मियों ने कथित रूप से एक वकील पर हमला किया। घटना से आक्रोशित वकीलों ने इसे ताकत का दुरूपयोग बताया। हांगकांग के साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट ने अपनी खबर में बताया कि गुआंग्शी के नैनिंग की जिला अदालत में वू लियांगशू नाम के वकील को वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने दो न्यायाधीशों और एक दूसरे अधिकारी की उपस्थिति में पीटा। वकील ने पुलिस को जांच के लिए अपना मोबाइल फोन नहीं दिया जिससे नाराज होकर पुलिसकर्मियों ने उसकी पिटाई कर दी।
खबर के अनुसार वू जब अदालत से निकले तब उनकी कमीज और पैंट फटी हुई थी और उनके सीने पर लाल निशान पड़े थे। साथ ही उनकी उंगलियों पर चोट के निशान थे। घटना से आक्रोशित 800 वकीलों ने इसकी निंदा करते हुए एक याचिका पर हस्ताक्षर किया है। वकीलों ने अदालत के अधिकारियों से घटना का फुटेज सार्वजनिक करने की भी मांग की।