बीजिंग: धुंध से प्रभावित बीजिंग ने आज पहली बार प्रदूषण को लेकर रेड अलर्ट लागू किया है। चीन की राजधानी की हवा खतरनाक हो गई है। साम्यवादी देश की राजधानी में यह स्थिति तब है जब 2.2 करोड़ से अधिक की आबादी वाले शहर में आधी निजी कारें प्रतिबंध के कारण सड़कों पर नहीं चल रहीं एवं स्कूल तथा निर्माण स्थल बंद हैं।
बीजिंग में आज सुबह हवा बहुत हानिकारक से खतरनाक हो गई, क्योंकि हवा में पार्टिकुलेट मैटर यानी पीएम 2.5 का स्तर 365 पहुंच गया है जो कल 256 के स्तर पर था। पीएम 2.5 हवा में प्रदूषकों को मापने का एक पैमाना है।
वर्ष 2013 में बनाई गई चार स्तरीय आपात प्रतिक्रिया प्रणाली में सर्वोच्च स्तर पर आने वाले रेड अलर्ट के तहत सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया और बाहर होने वाले निर्माण कार्यों को रोक दिया गया है। रेड अलर्ट बहुत गंभीर स्तर है। इसे कल जारी किया गया था और यह आज सुबह सात बजे से बृहस्पतिवार दोपहर तक कायम रहेगा।
अधिकारियों ने कारखानों और यातायात पर प्रतिबंध लगा दिए हैं। अमेरिकी दूतावास के पास बीजिंग एयर क्वालिटी मॉनिटर ने हवा में पीएम 2.5 का स्तर आज सुबह 365 बताया। अमेरिकी दूतावास के वर्गीकरण के मुताबिक, पीएम 2.5 का स्तर 300 के पार होने पर उसे खतरनाक की श्रेणी में रखा जाता है जिसमें लोगों को घर से बाहर न निकलने सहित निवारक उपाय करने चाहिए।