1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. भारत-पाक बातचीत के लिए जरूरी है सही माहौल: भारतीय उच्चायुक्त

भारत-पाक बातचीत के लिए जरूरी है सही माहौल: भारतीय उच्चायुक्त

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jul 01, 2016 07:25 am IST,  Updated : Jul 01, 2016 07:25 am IST

भारतीय उच्चायुक्त गौतम बोम्बावाले ने गुरुवार को कहा कि भारत, पाकिस्तान के साथ बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन कोई भी वार्ता बहाल करने से पहले 'सही माहौल' की जरूरत है।

गौतम बोम्बावाले- India TV Hindi
गौतम बोम्बावाले

इस्लामाबाद: भारतीय उच्चायुक्त गौतम बोम्बावाले ने गुरुवार को कहा कि भारत, पाकिस्तान के साथ बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन कोई भी वार्ता बहाल करने से पहले 'सही माहौल' की जरूरत है। बोम्बावाले ने कहा 'हम कहते रहे हैं कि बातचीत के लिए उचित माहौल की आवश्यकता है।' उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 दिसंबर को पाकिस्तान आए थे और उनकी पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के साथ बहुत अच्छी मुलाकात हुई थी।

बोम्बावाले ने कहा कि यद्यपि इस यात्रा से बना सही माहौल पठानकोट हमले के कारण जल्द ही खत्म कर दिया गया। भारतीय उच्चायुक्त इस्लामाबाद के एक होटल में भारतीय उच्चायोग द्वारा आयोजित इफ्तार की दावत के दौरान संवाददाताओं से बात कर रहे थे।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वार्ता के लिए अनुकूल माहौल बनने पर जब बातचीत शुरू होगी तो भारत सर क्रीक सहित सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है। इफ्तार की दावत में विभिन्न वर्गों के कई लोग शामिल हुए और अतिथियों ने दोनों देशों के बीच शांतिपूर्ण संबंधों की इच्छा जताई।

दोनों देशों के रिश्तों में इस साल के शुरू में हुए पठानकोट हमले के बाद खटास आ गई और शांति वार्ता फिर से शुरू करने के सभी प्रयास असफल रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश