मॉस्को: रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने शुक्रवार को कहा कि मास्को अमेरिका की ओर से उठाए गए शत्रुतापूर्ण कदम का कठोर जवाब देगा। अमेरिका ने सैन फ्रांसिस्को में रूस के वाणिज्यिक दूतावास और न्यूयॉर्क में वाणिज्यिक दूतावास उपभवन को बंद करने के आदेश दिए हैं। मास्को के MGIMO अंतर्राष्ट्रीय संबद्ध विश्वविद्यालय में छात्रों को संबोधित करते हुए लावरोव ने कहा, ‘हम ऐसी चीजों का बहुत ही कड़ाई से जवाब देंगे जो बिना किसी कारण के है और यह अमेरिका के साथ हमारे रिश्तों को खराब करने के उद्देश्य से किया गया है।’
तास संवाद समिति ने लावरोव के हवाले से बताया, ‘जैसे ही इस संबंध में मूल्यांकन समाप्त हो जाएगा हम प्रतिक्रिया देंगे।’ लावरोव ने कहा, ‘मैं इस ओर ध्यान दिलाना चाहता हूं कि यह हम नहीं थे बल्कि बाराक ओबामा ने प्रतिबंधों की शुरुआत की थी। उन्होंने रूस-अमेरिका संबंधों में दरार डाली और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रचनात्मक प्रस्तावों को आगे बढ़ाने से रोका।’ लावरोव ने कहा कि उन्हें आज अमेरिका की ओर से लगाए गए प्रतिबंध संबंधी जानकारी मिली और इस पर अभी मूल्यांकन किया जाना बाकी है। उन्होंने हालांकि यह नहीं बताया कि मॉस्को अब किस तरह का कदम उठाएगा।
उल्लेखनीय है कि वॉशिंगटन ने यह कदम मॉस्को के उस निर्णय के बाद उठाया है जिसमें मॉस्को ने अमेरिका में रूसी कर्मचारियों की बराबरी के लिए रूस में अमेरिकी राजनयिकों की संख्या में कमी की है और मॉस्को में 2 अमेरिकी संपत्तियां जब्त कर ली है।