इस्लामाबाद: पाकिस्तान के विदेश मामलों के शीर्ष सलाहकार सरताज अजीज ने कहा, अगर 48 देशों का परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (NSG) परमाणु अप्रसार संधि के देशों को लेकर समान मानदंड रखे तो एनएसजी सदस्यता को लेकर भारत के मुकाबले पाकिस्तान की दावेदारी ज्यादा मजबूत है। रविवार को पाकिस्तानी चैनल डॉन न्यूज को दिए इंटरव्यू में सरताज ने कहा कि पाकिस्तान कूतनीतिक तौर पर इस मामले में कई देशों से बात कर रहा है।
3 महीने पहले ही कर ली थी पाकिस्तान ने तैयारी
"यदि समूह कोई समान मानदंड तय करता है तो एनएसजी सदस्यता के लिए पाकिस्तान की साख भारत से ज्यादा मजबूत है। हमारी रणनीति भारत के बाद अर्जी देने की थी। हमने अपनी अर्जी के दस्तावेज तीन महीने पहले से ही तैयार कर लिए थे।" उन्होंने दावा किया।उन्होंने उम्मीद जताई कि अगर भारत को समूह में जगह मिल गई तो पाकिस्तान की मजबूत साख की वजह से पाकिस्तान भी पीछे नहीं छूटेगा। उन्होंने ये दावा भी किया कि सब जानते हैं कि पाकिस्तान ने कैसे अपने परमाणु संपत्ति को संरक्षित रखा हुआ है।
NSG की अगली मीटिंग आगामी 20 जून को होना संभावित है। एनएसजी 48 देशों का समूह है जो परमाणु हथियार के प्रसार को रोकने के लिए परमाणु हथियार संबंधी वस्तुओं और तकनीकी के निर्यात पर नियंत्रण रखता है।