इस्लामाबाद: पाकिस्तान के क्वेटा शहर में सोमवार को सशस्त्र हमलावरों के हमले में एक पुलिसकर्मी सहित चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पहला हमला क्वेटा के ज्वाइंट रोड इलाके में पासपोर्ट दफ्तर के पास हुआ, जहां अज्ञात बंदूकधारियों ने वहां खड़े लोगों पर गोली चला दी। इस हमले में एक पुलिसकर्मी सहित तीन लोगों की मौत हो गई।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि यह हमला सांप्रदायिक हिंसा का नतीजा प्रतीत होता है, क्योंकि इस हमले में मारे गए और घायल हुए लोग अल्संख्यक हजारा जातीय समूह से थे।
पुलिस का कहना है कि इस हमले में अपराधियों ने 9एमएम की बंदूक का इस्तेमाल किया था और वे मोटरसाइकिल पर आए थे। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती किया गया है।
एक अन्य हमला क्वेटा के जिन्ना कस्बे में हुआ, जहां अज्ञात बंदूकधारियों ने एक गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) के प्रबंधक की गोली मारकर हत्या कर दी। वह अपने एनजीओ के माध्यम से महिला सशक्तीकरण और गरीबी उन्मूलन जैसे कार्यक्रम से जुड़े थे।