काठमांडू: नेपाल में 25 अप्रैल को आए भूकंप और उसके बाद के झटकों में मरने वालों की संख्या 8,502 पहुंच गई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। नेपाल के गृहमंत्रालय के अंतर्गत काम करने वाले नेशनल इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर ने कहा कि 25 अप्रैल को आए भीषण भूकंप में कुल 8,384 लोगों की मौत हुई है, वहीं 12 मई को आए शाक्तिशाली झटके में 117 लोगों की मौत हुई है।
नेपाल में नवालपरासी जिले में शुक्रवार सुबह मची भगदड़ के कारण हृदयाघात से एक व्यक्ति की मौत हो गई। 5.5 तीव्रता के भूकंप से देश के लोगों में दहशत मच गई। इस भूकंप का केंद्र धाडिंज जिले में था।
अधिकारियों ने कहा कि गणेश बहादुर श्रेष्ठ (62) को इलाज के लिए चिटवां ले जाया जा रहा था तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। वह देवराली गांव का रहने वाला था।
गृह मंत्रालय के सूत्रों ने कहा कि ताजा जानकारी के मुताबिक 25 अप्रैल को आए भूकंप में 4,571 लोग घायल हुए हैं वहीं 12 मई को आए शाक्तिशाली झटके में 1,700 लोग घायल हुए हैं। घायलों का देश के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
मंत्रालय ने कहा कि अभी तक 8,399 शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।