सिंगापुर: सिंगापुर के विदेश मंत्री विवियन बालकृष्णन आज नयी दिल्ली के अपने दौरे में अपनी भारतीय समकक्ष सुषमा स्वराज के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। सिंगापुर के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि नयी दिल्ली में बालकृष्णन विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के साथ द्विपक्षीय सहयोग के लिए भारत सिंगापुर संयुक्त मंत्री स्तरीय समिति इंडिया सिंगापुर जॉइंट मिनिस्टीरियल कमेटी जेएमसी की सह-अध्यक्षता करेंगे। इसमें कहा गया है कि सुषमा चाय पर बालकृष्णन की मेजबानी करेंगी।
वर्ष 2008 में आरंभ भारत-सिंगापुर जेएमसी द्विपक्षीय संबंधों की स्थिति की समीक्षा करने और सहयोग के नए क्षेत्रों की तलाश करने की एक नियमित मंत्री स्तरीय वार्ता प्रक्रिया है। जेएमसी की बैठक का इस साल विशेष महत्व है क्योंकि दोनों देश अपने बीच कूटनीतिक संबंधों की शुरूआत की 50 वीं सालगिरह मना रहे हैं और इन संबंधों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नवंबर में होने वाली सिंगापुर यात्रा के दौरान रणनीतिक भागीदारी के रूप में उन्नत करने पर काम कर रहे हैं। बालकृष्णन के साथ विदेश मंत्रालय के कुछ अधिकारी भारत जाएंगे।