कराची: पाकिस्तान के सबसे बड़े शहर कराची सहित दक्षिणी सिंध के कई हिस्सों में हुई भारी बारिश ने 3 बच्चों समेत कम से कम 6 लोगों की जान ले ली और कई अन्य घायल हो गए। अचानक हुई बारिश ने पूरे इलाके को अस्त-व्यस्त करके रख दिया।
बारिश की वजह से कराची शहर में भयंकर ट्रैफिक जाम भी देखने को मिला और शहर के कई हिस्से बिजली चले जाने के कारण अंधेरे में डूब गए। बचाव अधिकारियों ने कहा कि कल रात बारिश शुरू होने के बाद से अलग-अलग इलाकों से 6 लोगों के मरने की खबर है। बारिश जनित घटनाओं में मरने वालों में 3 बच्चे भी शामिल हैं।
वहीं गदाप शहर में एक घर की दीवार गिरने से उसमें रहने वाले 12 वर्षीय एक लड़का और उसके तीन दोस्त बुरी तरह से जख्मी हो गए। बाद में अस्पताल में लड़के की मौत हो गई। एक अन्य घटना में पास के शाह लतीफ शहर के शीडी गोठ इलाके में तैराकी कर रहे दो लड़के डूब गए। ईधी ट्रस्ट के एक बचाव अधिकारी ने बताया कि उनमें से एक डूब गया था लेकिन दूसरा बच गया था, मगर आज अस्पताल में उसकी भी मौत हो गई।
गदाप शहर में एक अन्य घटना में, एक घर की छत गिरने से उसमें रहने वाले एक ही परिवार के 5 सदस्य जख्मी हो गए। उनमें से दो की बाद में मौत हो गई, जबकि मेट्रोविल इलाके में एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई।