ताईपे: ताइवान में एक वाटर पार्क में करीब 500 लोगों को झुलसाने वाली आग के कारणों का पता लगा रही जांचकर्ताओं की टीम को आशंका है कि आग लगने की वजह सिगरेट या स्पार्क हो सकती है, इसीलिए उन्होंने अपनी जांच को इन्हीं दो बिंदुओं पर केंद्रित किया है। इस घटना में पार्क में एक पार्टी के दौरान मंच से रंगीन पाउडर का छिड़काव किया गया था और इस पाउडर ने आग पकड़ ली थी।
स्थानीय मीडिया के अनुसार 400 से ज्यादा लोग अभी अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 200 की हालत बहुत गंभीर है औऱ आठ को जानलेवा घाव हुए हैं।
पुलिस ने फारमोसा फन कोस्ट थीम पार्क में शनिवार की पार्टी के आयोजकों पर आपराधिक आरोप लगाने की अनुशंसा की है। साथ में दो तकनीकी कर्मियों पर भी आरोप लगाए जाने की अनुशंसा पुलिस ने की है।
न्यू ताइपेई सिटी के खबर विभाग के प्रमुख लिन चिह यू ने बताया, कि वहां क्या हुआ यह स्पष्ट नहीं है। लेकिन वहां बहुत से लोग धूम्रपान कर रहे थे और मौसम गर्म था।
पार्टी से पहले ताइपेई में तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस था।