1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. अपने ‘दुश्मन’ उत्तर कोरिया की मदद के लिए आगे आया दक्षिण कोरिया

अपने ‘दुश्मन’ उत्तर कोरिया की मदद के लिए आगे आया दक्षिण कोरिया

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 21, 2017 08:30 pm IST,  Updated : Sep 21, 2017 08:30 pm IST

दक्षिण कोरिया ने संयुक्त राष्ट्र संगठनों के माध्यम से उत्तर कोरिया को मानवीय सहायता के तौर पर 80 लाख डॉलर देने का फैसला किया है...

North Korea Missile Launch- India TV Hindi
North Korea Missile Launch | AP Photo

स्योल: उत्तर कोरिया ने हाल ही के दिनों में कई बार उकसावे वाले काम किए हैं, जिसकी वजह से उसपर तमाम तरह के नए प्रतिबंध लगाए गए हैं। अमेरिका लगातार उत्तर कोरिया को गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दे रहा, जबकि दक्षिण कोरिया भी उसकी घेराबंदी में लगा हुआ है। लेकिन इन सब बातों को दरकिनार रखते हुए दक्षिण कोरिया ने गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र संगठनों के माध्यम से उत्तर कोरिया को मानवीय सहायता के तौर पर 80 लाख डॉलर देने का फैसला किया है। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंतर-कोरियाई विनिमय व सहयोग समिति ने एकीकरण मंत्री चाओ मायोंग-गयोन की अध्यक्षता में हुई बैठक में विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) व उत्तर कोरिया में नवजात व गर्भवती महिलाओं के लिए संयुक्त राष्ट्र अंतर्राष्ट्रीय बाल आपात कोष (UNICEF) की परियोजनाओं के तहत इस सहायता को दिए जाने को मंजूरी दी। इस राशि में से 45 लाख डॉलर WFP को जबकि बाकी 35 लाख डॉलर UNICEF को आवंटित किए जाएंगे। यह दक्षिण कोरिया सरकार के इस बुनियादी रुख के अनुरूप है कि उत्तर कोरिया की मानवीय सहायता को उसकी राजनीतिक स्थिति से अलग रखकर व्यवहार किया जाए।

हालांकि, एकीकरण मंत्रालय ने कहा कि वास्तविक तौर पर धन के प्रावधान का क्रियान्वयन दोनों देशों के संबंधों सहित समग्र हालात पर विचार के बाद किया जाएगा। उत्तर कोरिया के लगातार परमाणु व मिसाइल परीक्षणों के बाद कोरियाई प्रायद्वीप में तनाव के बढ़ने से सहायता के क्रियान्वयन में देरी होने की संभावना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रतिबंधों के बाद से उत्तर कोरिया की हालत खराब होने की संभावना है, लेकिन किम जोंग-उन के झुकने की उम्मीद लगभग न के बराबर है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश