बीजिंग: चीन ने आज रात अपनी दूसरी प्रयोगात्मक अंतरिक्ष प्रयोगशाला का सफल प्रक्षेपण किया। साल 2022 तक एक मानवयुक्त अंतरिक्ष स्टेशन बनाने की अपनी महत्वाकांक्षी योजना के तहत चीन ने इस प्रयोगात्मक अंतरिक्ष प्रयोगशाला का सफल प्रक्षेपण किया। गौरतलब है कि 2022 में ही अमेरिका की अगुवाई वाले अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की सेवा समाप्त होने की संभावना है। चीन के गोबी रेगिस्तान स्थित ज्यूकुआन उपग्रह प्रक्षेपण केंद्र से तियांगोंग-2 अंतरिक्ष प्रयोगशाला का सफल प्रक्षेपण किया गया।
मिशन के प्रभारी अधिकारी ने सरकारी टीवी चैनल पर हुए प्रक्षेपण के सीधे प्रसारण के दौरान कहा, यह प्रक्षेपण योजना के अनुरूप हुआ। यह अपनी कक्षा में करीब 10 मिनट में पहुंच गई। अधिकारी ने कहा, मिशन पूरी तरह सफल रहा और अंतरिक्ष प्रयोगशाला अपनी कक्षा में पहुंच गई। चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष इंजीनियरिंग कार्यालय के उप-निदेशक वू पिंग ने कहा कि चीन का मानवयुक्त अंतरिक्ष कार्यक्रम अनुप्रयोग एवं विकास के एक नए चरण में पहुंच गया है।
चीन की सरकारी न्यूज एजेंसी शिन्हुआ ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि ज्यूकुआन उपग्रह प्रक्षेपण केंद्र से लॉंग मार्च-2एफ रॉकेट की पीठ पर सवार होकर तियांगोंग-2 भूरे धुएं के बादल में गर्जना करते हुए आसमान की उंचाइयों में दाखिल हुआ। चीन के महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष कार्यक्रम का लक्ष्य 2022 तक एक मानवयुक्त अंतरिक्ष स्टेशन का निर्माण करना है।