काबुल: पूर्वी नांगरहार प्रांत में कुछ बंदूकधारी अफगानिस्तान के सरकारी मीडिया के स्थानीय मुख्यालय में घुस गये। इसके बाद हुए संघर्ष में 10 लोगों के मारे जाने की खबर है। नांगरहार के प्रांतीय अस्पताल के एक प्रवक्ता इनामुल्लाह मियाखियाल ने कहा कि मारे गए लोगों में सरकारी टीवी के 4 कर्मचारी और 2 पुलिस अधिकारी हैं। 18 अन्य लोग इस हमले में जख्मी हुए हैं।
गृह मंत्रालय के प्रवक्ता नजीब दानिश ने कहा कि हमले में शामिल 4 हमलावर मारे गए। यह हमला एक धमाके के साथ शुरू हुआ और इसके बाद अफगान सुरक्षा बलों के साथ उनका भीषण संघर्ष हुआ। सरकारी मीडिया की इमारत गवर्नर परिसर और एक पुलिस थाने के करीब है। जलालाबाद से आईं वीडियो फुटेज में सैकड़ों की संख्या में अफगान सुरक्षाकर्मी शहर की सड़कों पर दिख रहे थे। शहर में दुकानें बंद थीं। अधिकारियों के मुताबिक, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया कि हमले के पीछे कौन था। पाकिस्तानी सीमा से पहले वाले पहाड़ी प्रांत नांगरहार में तालिबानी और इस्लामिक स्टेट से जुड़े आतंकी सक्रिय हैं। अफगानिस्तान में दूसरी जगह अलग-अलग बम धमाकों में 3 नागरिकों की मौत हो गई।
पूर्वी कापीसा प्रांत के गवर्नर के प्रवक्ता कैस कादरी ने कहा कि निजरब जिले में मंगलवार को हुये बम धमाके में 2 नागरिकों की मौत हो गई जबकि 2 अन्य घायल हो गए। दक्षिणी कंधार प्रांत के गवर्नर के प्रवक्ता शमीम खोलवक ने कहा कि प्रांतीय राजधानी में हुए दोहरे बम धमाके में एक नागरिक की मौत हो गई जबकि 3 पुलिसवालों समेत 10 लोग घायल हो गए। दोनों ही हमलों की जिम्मेदारी किसी संगठन ने नहीं ली है। हाल ही में तालिबान ने अपने हमलों में तेजी लाने की घोषणा की थी।