काठमांडू: विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने आज सर्वदलीय शिष्टमंडल के साथ नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री सुशील कोइराला को श्रद्धांजलि दी और कहा कि भारत ने एक सच्चा दोस्त को खो दिया है। कोइराला का आज तड़के निधन हो गया।
भारतीय शिष्टमंडल में कांग्रेस नेता आनंद शर्मा, जदयू अध्यक्ष शरद यादव, माकपा महासचिव सीताराम येचुरी और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल शामिल हैं। शिष्टमंडल ने यहां पहुंचने के बाद दशरथ रंगशाला स्टेडियम में कोइराला को श्रद्धांजलि दी।
शोक पुस्तिका में लिखे अपने संदेश में इस शिष्टमंडल ने कहा, नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री और नेपाली कांग्रेस के नेता के निधन से भारत का नेतृत्व, सरकार और जनता बहुत दुखी हैं। सुशीलजी एक समर्पित नेता होने के साथ उच्च विचार वाले और सादे जीवन जीने वाले व्यक्ति थे।
उन्होंने कहा, नेपाल का महत्पपूर्ण राजनीतिक परिवर्तन उनकी देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। भारत की जनता और सरकार की ओर से हम अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हैं। भारत ने आज अपना एक सच्चा दोस्त खो दिया है। नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।
कोइराला को श्रद्धांजलि देने के बाद सुषमा ने नेपाली कांग्रेस के नेताओं राम चंद्र पौडेल और कृष्ण प्रसाद सितौला से मुलाकात की।