इस्लामाबाद: विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने पाकिस्तान के विदेश मंत्री सरताज अजीज से मुलाकात की। गर्मजोशी के साथ दोनों मंत्रियों ने हाथ मिलाया। मुलाकात के बाद दोनों ने साझा बयान जारी किया। अपने बयान में सुषमा ने कहा कि भारत-पाकिस्तान समग्र बातचीत करेंगे। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा पाकिस्तान से बातचीत के पक्ष में है और बातचीत का शेड्यूल एनएसए तय करेंगे।
इससे पहले सुषमा ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से मुलाकात की। दोनों देशों के बीच रूकी हुई वार्ता प्रक्रिया को फिर से शुरू करने के प्रयासों के बीच यह मुलाकात हुई है जिसका उदेश्य संबंधों को सुधारना है। विदेश सचिव एस. जयशंकर और विदेश मामलों पर शरीफ के सलाहकार सरताज अजीज सहित अन्य लोग भी इस बैठक में मौजूद थे।
इससे पहले अफगानिस्तान पर हुई बहुपक्षीय बैठक के दौरान सुषमा ने कहा था कि यही समय है कि भारत और पाकिस्तान को एक-दूसरे के साथ काम करने के लिए परिपक्वता और आत्मविश्वास दिखाना चाहिए क्योंकि दुनिया बदलाव के पक्ष में है।
विदेश मंत्री ने कहा, 'यही वक्त है जब हमें एक-दूसरे के साथ काम करने को लेकर परिपक्वता और आत्मविश्वास दर्शाना चाहिए तथा क्षेत्रीय व्यापार एवं सहयोग को मजबूत बनाना चाहिए। पूरी दुनिया बदलाव का इंतजार कर रही है और उसके पक्ष में है। उन्हें निराश ना करें।'
उन्होंने कहा, अपनी तरफ से, भारत सहयोग को उस गति से आगे बढ़ाने को तैयार है, जिसमें पाकिस्तान को सहूलियत हो। प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने सम्मेलन में भाग लेने आए प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों के लिए दोपहर के भोज की भी मेजबानी की। अफगानिस्तान पर दो दिवसीय मंत्रीस्तरीय हार्ट ऑफ एशिया सम्मेलन में भाग लेने के लिए सुषमा कल यहां पहुंचीं।
अगली स्लाइड पर देखिए वीडियो-