बीजिंग: चीन में आतंकवादी गुट से संदेहास्पद संबंध रखने के आधार पर हिरासत में लिए गए भारतीय मोहन कुलश्रेष्ठा को रिहा कर दिया है और उसे वापस भेजा जा रहा है। यह जानकारी पीटीआई ने दी है। उत्तरी चीन में बीस विदेशी पर्यटकों को गिरफ्तार करने की ख़बर आई थी, जिसमें एक भारतीय के शामिल होने की बात भी कही गई थी।
दक्षिण अफ्रीका की चैरिटी, गिफ्ट ऑफ द गिवर्स फाउंडेशन ने एजेंसी को बताया है कि चीनी अधिकारियों के मुताबिक पर्यटकों का ये दल अपने होटल के कमरे में एक प्रतिबंधित गुट के सनसनीखेज़ वीडियो देखता हुआ पाया गया था।
विदेशी पर्यटकों का ये गुट 47 दिन के दौरे पर चीन गया हुआ था जब ओरडोस के हवाईअड्डे पर इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। टुअर ऑपरेटर को तब शक हुआ जब दो दिन तक उसका किसी भी पर्यटक से संपर्क नहीं हो पाया था।