काबुल: अफगानिस्तान के लोगार प्रांत में एक अदालत में आज एक आतंकवादी हमला हुआ। हमले में एक वरिष्ठ स्थानीय न्यायाधीश सहित करीब सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 अन्य घायल हो गए। समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, हमला पूर्वाह्न् 11 बजे प्रांतीय शहर पुल-ए-आलम में हुआ।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, लोगार प्रांतीय अपील अदालत में रविवार को हुए हमले में पांच नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 19 अन्य घायल हो गए।"
अधिकारी ने कहा कि हमले में जान गंवाने वालों में प्रांतीय अपीलीय अदालत के प्रमुख न्यायाधीश अकरम नेजात भी शामिल हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया, "हमला उस वक्त हुआ, जब इमारत के भीतर एक आधिकारिक समारोह चल रहा था। अकरम हॉल ही में प्रांतीय अदालत के अध्यक्ष नियुक्त किए गए थे।"
उन्होंने बताया कि दो आत्मघाती हमलावर भी मारे गए हैं। धमाके की आवाज़ परिसर के अंदर भी सुनी गई।
फिलहाल अभी तक किसी आतंकवादी संगठन ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है।