1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पेशावर: बाचा खान यूनिवर्सिटी पर तालिबानी हमला, 25 की मौत, चारों आतंकी ढेर

पेशावर: बाचा खान यूनिवर्सिटी पर तालिबानी हमला, 25 की मौत, चारों आतंकी ढेर

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jan 20, 2016 11:15 am IST,  Updated : Jan 20, 2016 11:24 pm IST

पाकिस्‍तान के पेशावर में पुलिस चेक पोस्‍ट पर हुए बम धमाके के ठीक बाद अब पेशावर यूनिवर्सिटी पर आतंकी हमला हुआ है। इस हमले में प्राप्त जानकारी के मुताबिक 25 लोगों की मौत हो चुकी है।

university attack- India TV Hindi
university attack

नई दिल्ली: उत्तरपश्चिमी पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आज भारी हथियारों से लैस तालिबान के आत्मघाती हमलावर एक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में घुस गए और छात्रों एवं शिक्षकों पर अंधाधुंध गोलीबारी की। इस हमले में प्रोफेसर समेत 25 लोग मारे गए और 50 अन्य घायल हो गए। इसके अलावा चारों आतंकवादियों को भी मार गिराया गया है। इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान ने ली है।

पाकिस्तान के आर्मी चीफ राहिल शरीफ ने यूनिवर्सिटी का मुआयना किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमले की निंदा की और दुख जताया। पुलिस ने बताया कि बंदूकधारी प्रांत के चारसद्दा जिला स्थित बाचा खान यूनिवर्सिटी में घुस गए और उन्होंने कक्षाओं एवं छात्रावासों में छात्रों और शिक्षकों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

यह विश्वविद्यालय पेशावर के दक्षिण पश्चिम में करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित है। विश्वविद्यालय का नाम प्रसिद्ध नेता खान अब्दुल गफ्फार खान उर्फ बाचा खान के नाम पर रखा गया है। विश्वविद्यालय परिसर के भीतर विस्फोटों और भारी गोलीबारी की आवाज सुनी गई। उस समय वहां बादशाह खान की बरसी के मौके पर एक काव्य संगोष्ठी चल रही थी। बादशाह खान का 20 जनवरी, 1988 को निधन हो गया था।

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के नेता और प्रांतीय सांसद शौकत यूसुफजई ने कहा कि विश्वविद्यालय में आज सुबह हुए आतंकवादी हमले में एक प्रोफेसर समेत 25 लोगों की मौत हो गई और 50 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शहर के सभी अस्पतालों में आपात स्थिति की घोषणा कर दी गई है। इलाके में सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है।

यूसुफजई ने कहा कि इस हमले को चार से दस हमलावरों ने अंजाम दिया। उन्होंने कहा, इस प्रकार के कायरतापूर्ण हमले आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सरकार के इरादों को हिला नहीं सकते।

मालूम हो कि पिछले साल 16 दिसंबर 2014 को पेशावर के आर्मी पब्लिक स्कूल पर हुए आतंकी हमले में 141 लोगों की मौत हो गई थी। इनमें 132 बच्‍चे थे। तहरीक-ए-तालिबान के 7 फिदायीन आतंकियों ने यह हमला किया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश