इस्लामाबाद: अफगानिस्तानी सीमा पुलिस द्वारा शुक्रवार को पाकिस्तान के बलूचिस्तान में सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाकर की गई गोलीबारी में 3 पाकिस्तानी नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य घायल हो गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना अफगानिस्तान सीमा के निकट चमन इलाके में हुई। पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी एक जनगणना दल की सुरक्षा में तैनात थे।
पाकिस्तान की सेना की मीडिया शाखा इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने एक बयान में कहा कि अफगान सीमा पुलिस ने पाकिस्तान के फ्रंटियर कार्प्स (FC) कर्मियों पर गोलीबारी की। घायलों में FC बलूचिस्तान के 4 जवान शामिल हैं। ISPR ने शुक्रवार को कहा कि अफगान अधिकारियों को अग्रिम तौर पर जनगणना के कार्य की इलाके में सूचना देने और राजनयिक और सैन्य माध्यमों के जरिए समन्वय करने के बावजूद भी गोलीबारी की गई।
ISPR की प्रेस रिलीज में कहा गया है कि पाकिस्तानी और अफगान जवानों के बीच गोलीबारी के जारी रहने के बाद चमन सीमा को सील कर दिया गया है। पाकिस्तान ने देश में आतंकवादी घटनाओं में 100 से अधिक लोगों की मौत के बाद अफगानिस्तान से सटी चमन और तोर्खम सीमा को 18 फरवरी को बंद कर दिया था, लेकिन एक माह बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने सद्भावना के तौर पर सीमाओं को खोलने का आदेश दिया था।