अबु धाबी: संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में अल रीम द्वीप पर पिछले साल दिसंबर माह में एक अमेरिकी अध्यापक की हत्या के मामले में दोषी करार दी गई एक महिला को सोमवार को फांसी दे दी गई। गल्फ न्यूज ने स्टेट सिक्युरिटी प्रोसक्यूशन के महान्यायावादी अहमद अल दनहानी के हवाले से एक रिपोर्ट में कहा है कि अला अल हाशिमी (31) को पिछले साल अबु धाबी के रीम द्वीप स्थित एक मॉल में अमेरिकी बालवाड़ी शिक्षक की हत्या के मामले में पिछले माह दोषी ठहराया गया था।
दनहानी ने कहा कि राष्ट्रपति शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान द्वारा मंजूरी दिए जाने के बाद उसे सोमवार को फांसी की सजा दी गई। हाशिमी को अमेरिकी-मिस्र मूल के एक चिकित्सक के घर में बम विस्फोट करने के प्रयास और अलकायदा को धन भेजने और सोशल मीडिया पर आतंकवादी विचारधारा का प्रसार करने के मामलों में भी दोषी ठहराया गया था।