Highlights
- बांग्लादेश में हिंदू की हत्या
- ड्रम में तैरती मिली लाश
- ज्वेलर निरंजन की हत्या
बांग्लादेश के मयमनसिंह में एक स्लुइस गेट के पास पानी में तैरते हुए ड्रम में 50 साल के ज्वैलरी शॉप के मालिक का शव मिला है, जिसकी पहचान कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि यह शव बुधवार को बेगुनबाड़ी इलाके में स्लुइस गेट के पास पानी में तैरते हुए एक ड्रम में था, जिसे स्थानीय लोगों ने देखा। पुलिस को ड्रम के अंदर कपड़े में लिपटा हुआ एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। लाश की पैंट की जेब में 'मयमनसिंह हिंदू कोऑपरेटिव क्रेडिट यूनियन लिमिटेड' का एक टोकन मिला। पुलिस ने उस टोकन के ज़रिए संस्था से संपर्क किया, जिससे उस व्यक्ति की पहचान निरंजन चंद्र सूत्रधार के तौर पर हुई।
पत्नी और बेटे ने की शव की पहचान
निरंजन चंद्र सूत्रधार मयमनसिंह शहर के अठारबाड़ी बिल्डिंग इलाके में साझे की एक ज्वेलरी की दुकान चलाते थे। गुरुवार की शाम को निरंजन की पत्नी सुमिता रानी सूत्रधार और बेटे जॉय सूत्रधार ने उनके शव की पहचान की। निरंजन स्टेडियम इलाके में एक किराए के मकान में अपनी पत्नी और बेटे के साथ रहते थे।
कोतवाली मॉडल पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर रूहल अमीन ने कहा, "टोकन मिलने के बाद मयमनसिंह हिंदू कोऑपरेटिव क्रेडिट यूनियन लिमिटेड से संपर्क किया गया। संस्था के लोगों ने टोकन देखकर निरंजन की पहचान करने में मदद की। बाद में, परिवार से संपर्क करके उनकी पहचान की पुष्टि की गई।" यह जानकारी बांग्लादेश के एक दैनिक समाचार पत्र ने दी है। बांग्लादेश के 'डेली इत्तेफाक' अखबार के अनुसार, "टोकन देखकर... बाद में परिवार से संपर्क करके उनकी पहचान की पुष्टि की गई।"
20 सितंबर से लापता था निरंजन, ड्रम में मिला शव
निरंजन 20 सितंबर को लापता हो गए थे, लेकिन उनके परिवार ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई क्योंकि वे पहले भी तीन-चार दिन घर से बाहर रहने के बाद लौट आते थे। पुलिस ने बताया कि शव के सिर और छाती पर धारदार हथियार से चोट के निशान थे। कोतवाली मॉडल पुलिस स्टेशन के इंचार्ज मुहम्मद शिबिरुल इस्लाम ने कहा, "शुरुआती जांच में ऐसा लगता है कि निरंजन की हत्या की गई और उसके शव को एक ड्रम में डालकर पानी में फेंक दिया गया।"
पुलिस अभी तक यह पता नहीं लगा पाई है कि निरंजन की हत्या किसने की या इसके पीछे क्या मकसद था। शुक्रवार सुबह तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया था। गुरुवार रात तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया था; पुलिस का कहना था कि परिवार की ओर से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही थी।
ये भी पढ़ें:
बांग्लादेश में हिंदू परिवार के 4 सदस्यों की मौत, घर में मिला चारों का शव; जांच में जुटी पुलिस