Wednesday, March 11, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. बांग्लादेश में अराजकों ने की 35 दुर्गा पूजा पंडालों में तोड़फोड़, हिंदुओं में भारी आक्रोश

बांग्लादेश में अराजकों ने की 35 दुर्गा पूजा पंडालों में तोड़फोड़, हिंदुओं में भारी आक्रोश

Edited By: Dharmendra Kumar Mishra @dharmendramedia Published : Oct 12, 2024 10:44 am IST, Updated : Oct 12, 2024 11:25 am IST

बांग्लादेश के हिंदू, उनके मंदिर और पूजा पंडाल अराजकों के निशाने पर हैं। हिंदुओं के दुर्गा पूजा पंडाल पर अराजकों ने ताबड़तोड़ हमले किए हैं। बांग्लादेश पुलिस के अनुसार 35 से ज्यादा पंडालों पर हमले हुए हैं। कई पंडालों पर पेट्रोल बम से भी हमला किया गया है।

बांग्लादेश में सड़क पर हिंदू (प्रतीकात्मक फोटो)- India TV Hindi
Image Source : AP बांग्लादेश में सड़क पर हिंदू (प्रतीकात्मक फोटो)

ढाका: बांग्लादेश में दूसरे धर्म के लोग हिंदुओं की दुर्गा पूजा नहीं होने दे रहे हैं। उन्होंने ढाका में 35 से अधिक दुर्गा पूजा पंडालों पर एक साथ हमला कर दिया। इससे दुर्गा पूजा महोत्सव में भारी व्यवधान पैदा हो गया। कई पंडालों पर अराजकों ने पेट्रोल बम से भी हमला किया। दुर्गा पूजा महोत्सव से पहले कई मुस्लिम संगठनों ने हिंदुओं को दुर्गा पूजा नहीं करने की धमकी दी थी। इन घटनाओं से हिंदुओं में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया है।

बांग्लादेश में दुर्गा पूजा उत्सव से संबधित करीब 35 अप्रिय घटनाओं के बाद 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 12 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने यहां यह जानकारी दी। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब एक दिन पहले ही पता चला था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा उपहार में दिया गया एक हस्तनिर्मित स्वर्ण मुकुट दुर्गा पूजा समारोह के दौरान बांग्लादेश के दक्षिण-पश्चिमी सतखीरा जिला स्थित एक हिंदू मंदिर से चोरी हो गया था। चोरी की इस घटना पर भारत ने चिंता व्यक्त की थी। पांच-दिवसीय हिंदू धार्मिक उत्सव बुधवार को देवी दुर्गा के आह्वान के साथ शुरू हुआ, जिसे महाषष्ठी के नाम से जाना जाता है। यह उत्सव रविवार को देवी दुर्गा की मूर्तियों के विसर्जन के साथ समाप्त होगा।

पूर्व पीएम हसीना को हटाए जाने के बाद लगातार हिंदुओं पर हमले

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को अपदस्थ किए जाने के बाद अल्पसंख्यक हिंदुओं पर लगातार हमले हो रहे हैं। बता दें कि पांच अगस्त को शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद से अपदस्थ होने के बाद भड़की हिंसा के दौरान भी हिंदुओं को भारी उत्पीड़न का सामना करना पड़ा था। मुस्लिम धर्म के लोगों ने हिंदुओं के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और संपत्तियों में तोड़फोड़ कर दी थी। साथ ही हिंदू मंदिरों को क्षतिग्रस्त कर दिया था। बता दें कि बांग्लादेश की 17 करोड़ की आबादी में महज आठ फीसदी हिंदू हैं। ‘द ढाका ट्रिब्यून’ ने पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) मोहम्मद मोइनुल इस्लाम के हवाले से कहा, ‘‘एक अक्टूबर से लेकर अब तक देशभर में जारी दुर्गा पूजा उत्सव से संबंधित 35 घटनाएं हुई हैं, जिनमें 11 मामले दर्ज किए जा रहे हैं, 24 जनरल डायरी (जीडी) दर्ज की गयी और 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।’’

बांग्लादेश में 32 हजार से अधिक दुर्गा पूजा मंडप

मोहम्मद मोइनुल इस्लाम ने शुक्रवार को ढाका में बताया कि देशभर में 32,000 से अधिक मंडप में दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। आईजीपी इस्लाम ने सोने का मुकुट चोरी होने की घटना पर आश्वस्त किया कि पुलिस के पास घटना के लिए जिम्मेदार लोगों का रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे व्यवधानों में शामिल लोगों को सजा दिलाई जाएगी। अगर कोई दुर्गा पूजा के दौरान अराजकता पैदा करने या दुर्भावनापूर्ण गतिविधियों में शामिल होने का प्रयास करेगा तो हम सख्त कार्रवाई करेंगे।’’ चटगांव में हमले के बारे में एक सवाल पर उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को एक छापे के बाद दो लोगों को गिरफ्तार किया गया और इसके पीछे के उद्देश्य का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

इससे पहले ‘बीडीन्यूज24 डॉट कॉम’ ने बताया कि बृहस्पतिवार को करीब छह लोगों ने ढाका से लगभग 250 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में चटगांव के जात्रा मोहन सेन हॉल में एक दुर्गा पूजा मंडप के मंच पर इस्लामी क्रांति का आह्वान करते हुए एक गीत गाया, जिससे व्यापक आक्रोश फैल गया। इस घटना का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे लोगों के बीच और आक्रोश उत्पन्न हो गया। बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद युनूस के रविवार को सदियों पुराने ढाकेश्वरी मंदिर में जाने की संभावना है जो ढाका में स्थित है और प्रमुख शक्ति पीठों में से एक है। (भाषा)

 

Latest World News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश

Advertisement
Advertisement
Advertisement