1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. सत्ता का नशा बन गया मोहम्मद यूनुस के गले की फांस, बांग्लादेश की अंतरिम सरकार पर संकट गहराया

सत्ता का नशा बन गया मोहम्मद यूनुस के गले की फांस, बांग्लादेश की अंतरिम सरकार पर संकट गहराया

 Published : May 24, 2025 06:09 pm IST,  Updated : May 24, 2025 06:12 pm IST

मोहम्मद यूनुस बांग्लादेश की अस्थायी सरकार के मुख्य सलाहकार हैं, जो चुनावों के संचालन और राजनीतिक संक्रमण के दौरान देश की व्यवस्था संभालते हैं। हाल के हफ्तों में देश में राजनीतिक तनाव और प्रशासनिक दबाव के कारण उनके नेतृत्व पर सवाल उठने लगे हैं।

मोहम्मद यूनुस, बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुखिया।- India TV Hindi
मोहम्मद यूनुस, बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुखिया। Image Source : AP

ढाका: बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस के लिए सत्ता का नशा गले की ऐसी फांस बन गया है कि वह उससे बाहर नहीं निकल पा रहे। ऐसे में बांग्लादेश की अंतरिम सरकार पर संकट गहरा गया है। यूनुस ने शनिवार को अपने प्रशासन, राजनीतिक दलों और सेना के बीच बढ़ती "असहजता" की समीक्षा के लिए एक आपातकालीन सलाहकार परिषद बैठक बुलाई है। बैठक का समय अभी तय नहीं किया गया है। यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स से सामने आई है।

इससे कुछ घंटे पहले ही यूनुस ने मुख्य सलाहकार (प्रधानमंत्री-समान पद) के रूप में पद छोड़ने की इच्छा जताई थी। उन्होंने कहा कि देश में राजनीतिक दलों के बीच आम सहमति की कमी के चलते उन्हें काम करने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। समाचार एजेंसी यूएनबी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि यूनुस, राष्ट्रीय आर्थिक परिषद की कार्यकारी समिति (ईसीएनईसी) की बैठक के बाद अपने सलाहकारों से चर्चा करेंगे, जो वास्तव में मंत्री के समान हैं।

राजनीतिक बैठकों से पहले आपसी मंथन

उम्मीद जताई जा रही है कि यूनुस यह आंतरिक बैठक पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की पार्टी बीएनपी (बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी) और जमात-ए-इस्लामी के नेताओं के साथ निर्धारित बैठकों से पहले करेंगे।

मुख्य सलाहकार की प्रेस शाखा के अनुसार, बीएनपी का प्रतिनिधिमंडल यूनुस से शाम 7 बजे मुलाकात करेगा, जबकि जमात-ए-इस्लामी के नेता रात 8 बजे उनसे मिलेंगे। बीएनपी के एक प्रवक्ता ने मीडिया से कहा, "मुख्य सलाहकार कार्यालय ने हमें वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर विचार-विमर्श के लिए आमंत्रित किया है।"

क्यों इस्तीफा देना चाह रहे यूनुस

गौरतलब है कि गुरुवार की रात यूनुस ने छात्रों द्वारा स्थापित नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी) के नेताओं से भी कहा था कि वह इस्तीफा देने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। उनके अनुसार, "राजनीतिक हालात ऐसे हैं कि अब मैं अपने दायित्वों को सही ढंग से निभाने में सक्षम नहीं हूं।" इससे पहले गुरुवार को ही दिन में हुई कैबिनेट बैठक के दौरान भी यूनुस ने कथित रूप से अपनी इस्तीफे की इच्छा जताई थी।

यूनुस के करीबी का दावा

मोहम्मद यूनुस के मंत्रिमंडल के एक सलाहकार वहीदुद्दीन महमूद ने संवाददाताओं से कहा, “वह (यूनुस) निश्चित रूप से (पद पर) बने रहेंगे।” उन्होंने कहा कि सभी सलाहकार अपने पद पर बने रहेंगे क्योंकि ‘‘हमें सौंपी गई जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है; हम इस कर्तव्य से पीछे नहीं हट सकते।’’ इससे दो दिन पहले यूनुस ने छात्रों के नेतृत्व वाली नेशनल सिटीजन पार्टी (एनसीपी) के नेताओं से कहा था कि वह इस्तीफा देने पर विचार कर रहे हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि ‘‘मौजूदा स्थिति में वह काम नहीं कर सकते। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश