1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. China DF-17: चीन पहली बार दुनिया के सामने लाया अपनी एयरक्राफ्ट कैरियर 'किलर मिसाइल', इसे रोक पाना है असंभव, खूबी जानकर अमेरिका के भी उड़ेंगे होश

China DF-17: चीन पहली बार दुनिया के सामने लाया अपनी एयरक्राफ्ट कैरियर 'किलर मिसाइल', इसे रोक पाना है असंभव, खूबी जानकर अमेरिका के भी उड़ेंगे होश

 Written By: Shilpa
 Published : Aug 01, 2022 05:22 pm IST,  Updated : Aug 01, 2022 05:34 pm IST

मिसाइल को सबसे पहले राजधानी बीजिंग में 1 अक्टूबर, 2019 को सैन्य परेड में दिखाया गया था। ऐसा पहली बार है, जब चीन ने DF-17 मिसाइल के लाइव फायर ड्रिल का वीडियो जारी किया है।

China DF-17 Missile- India TV Hindi
China DF-17 Missile Image Source : TWITTER

Highlights

  • चीन ने अपनी किलर मिसाइल का वीडियो जारी किया
  • इस घातक किलर मिसाइल का नाम है DF-17
  • मिसाइल को कभी भी कहीं से भी कर सकते हैं लॉन्च

China DF-17: चीन ने पहली बार अपनी एयरक्राफ्ट कैरियर किलर मिसाइल DF-17 की फुटेज जारी की है। वो भी ऐसे वक्त में जब उसका ताइवान और अमेरिका के साथ तनाव चल रहा है। इस फुटेज में DF-17 मिसाइल को लॉन्च करते हुए दिखाया गया है। चीनी मीडिया ने दावा किया है कि इस एयरक्राफ्ट कैरियर किलर हाइपरसोनिक मिसाइल को रोक पाना असंभव है। फुटेज को चीन के सरकारी चैनल चाइना सेंट्रल टेलीविजन यानी सीसीटीवी ने शेयर किया है। इसके शीर्षक में लिखा है, '81 सेकेंड में चीनी सैनिकों की क्षमता दिखाई देती है।' वीडियो को पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) की स्थापना की 95वीं वर्षगांठ पर जारी किया गया है।

 
वीडियो में क्या दिखाई दे रहा है

वीडियो में एक रेगिस्तान में DF-17 मिसाइल ट्रांसपोर्टर इरेक्टर लॉन्चर से लाइव-फायर का नजारा दिखाया गया है। मिसाइल को सबसे पहले राजधानी बीजिंग में 1 अक्टूबर, 2019 को सैन्य परेड में दिखाया गया था। ऐसा पहली बार है, जब चीन ने DF-17 मिसाइल के लाइव फायर ड्रिल का वीडियो जारी किया है। ग्लोबल टाइम्स ने सैन्य पर्यवेक्षकों के हवाले से ये जानकारी दी है। चीनी सैन्य विशेषज्ञ और टीवी कमेंटेटर सोंग झोंगपिंग ने कहा कि मिसाइल के रेगिस्तान में एक राजमार्ग पर लॉन्च किए जा रहे वीडियो से पता चलता है कि इसके लिए किसी तरह की तैयारी की जरूरत नहीं है।

DF-17 के गुणगान गा रहे चीनी विशेषज्ञ

वैज्ञानिकों की मानें तो चीन की DF-17 मिसाइल किसी भी समय, किसी भी स्थान से लॉन्च की जा सकती है। सोंग झोंगपिंग ने दावा किया कि ये हथियार अत्यधिक गतिशील है। दुश्मन के लिए इसका पता लगाना या फिर इसपर निशाना लगाना मुश्किल होगा। DF-17 अपने वारहेड के तौर पर हाइपरसोनिक ग्लाइडर का इस्तेमाल करती है, जिसमें अप्रत्याशित पथ पर लगभग 5 मच की गति से उड़ने की क्षमता है। ग्लोबल टाइम्स ने दावा किया कि इसकी गति और अप्रत्याशित पथ के कारण दुश्मन के एयर डिफेंस सिस्टम के लिए इसे इंटरसेप्ट (रोकना) करना नामुमकिन है।

क्षेत्रीय अखंडता के लिए जरूरी बताया

चीनी मिसाइल विशेषज्ञ यांग चेंगजुन ने गलोबल टाइम्स से कहा कि DF-17 चीन की क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसकी मारक क्षमका दक्षिण चीन सागर, ताइवान जलडमरूमध्य और उत्तरपूर्व एशिया के कई देशों तक है। चीनी विशेषज्ञों ने विमानवाहक पोत का जिक्र करते हुए कहा कि किसी स्थिर लक्ष्य के अलावा DF-17 से धीमी गति से चलने वाले लक्ष्यों पर भी निशाना लगाया जा सकता है। 

अमेरिका के पास DF-17 की काट नहीं

DF-17 मिसाइल 2500 किलोमीटर तक की हाइपसोनिक गति से हमला करने में सक्षम है। अमेरिका के एक टॉप जनरल ने स्वीकार किया है कि इस मिसाइल का पहली बार प्रदर्शन बीते साल चीन की स्थापना की 70वीं वर्षगांठ के मौके पर किया गया था। मिसाइल का वजन 15000 किलोग्राम है और यह 11 मीटर तक लंबी है। यह पारंपरिक विस्फोटकों के अलावा परमाणु वारहेड ले जा सकती है। आसान भाषा में कहें, तो चीन अपनी इस DF-17 मिसाइल से परमाणु हमले को अंजाम दे सकता है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश