पिथौरागढ़ जिले से सटे नेपाल के बैतड़ी जिले में बीती रात भीषण सड़क दुर्घटना हो गई जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई और 34 लोग घायल हो गए। यात्रियों से भरी बस फिसलकर 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। मृतकों की पहचान की जा रही है और हादसे में घायल लोगों को नेपाल के बैतडी और डडेलधूरा के अस्पतालों में किया गया है। जानकारी के अनुसार, नेपाल के सुदूर पश्चिमी क्षेत्र के बैतड़ी जिले में यह हादसा गुरुवार की रात हुआ। यह जिला भारत के उत्तराखंड राज्य के पिथौरागढ़ जिले से सटा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक हादसा देर रात उस समय हुआ, जब बस पहाड़ी मार्ग से गुजर रही थी और अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया, जिससे बस सड़क से फिसलकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने पुलिस को भी सूचना दे दी।
पहाड़ी इलाके की घटना
रात का वक्त और दुर्गम पहाड़ी इलाका होने से बचाव कार्य में बाधा आ रही थी और बचाव में लगी टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई घंटों की मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को खाई से बाहर निकाला गया। जानकारी के मुताबिक अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 34 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए नेपाल के बैतड़ी और डडेलधूरा के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अंधेरा और स्पीड बताई जा रही है हादसे की वजह
प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण बस की तेज रफ्तार, खराब सड़क और रात का अंधेरा माना जा रहा है। हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। बस और यात्रियों की पूरी जानकारी ली जा रही है।