1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इजरायल के हाईफा पर फिर हमला, ईरानी राष्ट्रपति ने कहा-"दुश्मन की आक्रामकता बिना शर्त रोकें, अन्यथा होगी कठोर प्रतिक्रिया"

इजरायल के हाईफा पर फिर हमला, ईरानी राष्ट्रपति ने कहा-"दुश्मन की आक्रामकता बिना शर्त रोकें, अन्यथा होगी कठोर प्रतिक्रिया"

 Published : Jun 20, 2025 06:32 pm IST,  Updated : Jun 20, 2025 11:19 pm IST

इजरायल से संघर्ष के बीच ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेश्कियन ने दुश्मन को बड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने दुनिया को आगाह करते हुए कहा है कि दुश्मन की आक्रामकता को बिना शर्त और तत्काल रोका जाए, अन्यथा हमारी प्रतिक्रिया बहुत घातक होगी।

डॉ. मसूद पेजेश्कियन, ईरान के राष्ट्रपति व दाएं माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस में हमले से लगी आग।- India TV Hindi
डॉ. मसूद पेजेश्कियन, ईरान के राष्ट्रपति व दाएं माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस में हमले से लगी आग। Image Source : AP & SPUTNIK

तेहरानः इजरायल के हाईफा शहर पर ईरान ने शुक्रवार को फिर भीषण मिसाइल हमला किया है। इससे कई इमारतों से ऊंचा काला धुआं और आग की लपटें उठती देखी जा रही हैं। करीब एक हफ्ते इजरायल के साथ चल रही भीषण जंग के बीच ईरान के राष्ट्रपति डा. मसूद पेजेश्कियन का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने अपने एक्स एकाउंट पर एक पोस्ट के जरिये दुश्मन की आक्रामता को तत्काल रोके जाने, अन्यथा कठोर प्रतिक्रिया की चेतावनी दी है। 

डॉ. पेजेश्कियन ने अपने एक्स एकाउंट पर पोस्ट में लिखा, हमने हमेशा शांति और स्थिरता की कामना की है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में इस थोपे गए युद्ध को समाप्त करने का एकमात्र रास्ता यह है कि दुश्मन की आक्रामकता को बिना शर्त रोका जाए और ज़ायोनी आतंकवादियों के दुस्साहस को हमेशा के लिए समाप्त करने की ठोस गारंटी दी जाए। अन्यथा, हमारी प्रतिक्रिया दुश्मन के लिए और भी कठोर और पश्चातापपूर्ण होगी।"

हाईफा शहर पर दोबारा हमला

ईरान की मिसाइलों ने शुक्रवार को इजरायल के हाईफा शहर पर दोबारा हमला कर दिया। दावा किया जा रहा है कि इस हमले में ईरानी मिसाइलों ने इजरायल की माइक्रोसॉफ्ट बिल्डिंग को भी निशाना बनाया है।

 

ईरान कर रहा ताबड़तोड़ मिसाइल हमले, तेल-अवीव में बज रहे सायरन

ईरान लगातार इजरायल के विभिन्न शहरों पर मिसाइल हमले कर रहा है। इजरायली सेना ने कहा है कि ईरानी हमले के चलते शहर में जगह-जगह हवाई हमलों के सायरन बज रहे हैं और लोगों को सुरक्षित ठिकानों व बंकरों में जाने को कहा गया है। 

इजरायल के वेस्ट व माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस पर भी हमला

ईरान ने इजरायल के माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस और वेस्ट बैंक पर भी मिसाइल से हमला किया है। ईरान की न्यूज एजेंसी ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें एक बिल्डिंग को जलते हुए दिखाया गया है। इसके माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस होने का दावा किया गया है। वहीं वेस्ट बैंक की इजरायली बस्ती एलकाना पर भी मिसाइल गिरने की सूचना है, जो पश्चिमी तट (वेस्ट बैंक) के उत्तरी-पश्चिमी सामरियाई पहाड़ियों में सलफीत के पास स्थित है। इसकी स्थापना 1977 में की गई थी और यह ग्रीन लाइन व रोश-हइन शहर से लगभग 3.1 किलोमीटर पूर्व में स्थित है। अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत इस बस्ती को अवैध माना जाता है, हालांकि इज़रायली सरकार इस दावे को खारिज करती है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश