1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. 'होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह बंद कर देगा ईरान', ट्रंप की धमकी का ईरान पर कोई असर नहीं, किया पलटवार

'होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह बंद कर देगा ईरान', ट्रंप की धमकी का ईरान पर कोई असर नहीं, किया पलटवार

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Mar 23, 2026 06:37 am IST,  Updated : Mar 23, 2026 06:46 am IST

ट्रंप ने एक तरफ जहां ईरान को 48 घंटे में होर्मुज स्ट्रेट खोलने की धमकी दी है तो वहीं दूसरी तरफ ईरान ने ट्रंप की इस धमकी पर पलटवार किया है। ईरान ने कहा है कि अगर ट्रंप कोई हमला करते हैं तो ईरान होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह से बंद कर देगा।

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन। - India TV Hindi
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन। Image Source : AP

मिडिल-ईस्ट में जंग का आज 24वां दिन है। ईरान और अमेरिका के साथ-साथ इजरायल के बीच जंग और ज्यादा बढ़ती जा रही है। इस बीच ईरान ने कहा है कि अगर 48 घंटों के भीतर होर्मुज स्ट्रेट नहीं खोले जाने पर ट्रंप ईरानी बिजली संयंत्रों को 'नष्ट' करने की धमकी पर अमल करते हैं, तो ईरान स्ट्रेट को 'पूरी तरह' बंद कर देगा और क्षेत्र के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाएगा। बता दें कि ट्रंप ने इससे पहले ईरान को 48 घंटे में होर्मुज स्ट्रेट को खोलने की चेतावनी दी थी। ऐसा नहीं करने पर ट्रंप ने ईरान के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों पर हमले की बात कही थी। 

बंद नहीं है होर्मुज स्ट्रेट

वहीं ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने एक बार फिर होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बयान दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में, ईरानी विदेश मंत्री ने दावा किया कि जलमार्ग "बंद नहीं है"। उन्होंने अमेरिका और इजरायल को संबोधित करते हुए कहा, "जहाज इसलिए हिचकिचा रहे हैं क्योंकि बीमा कंपनियां उस युद्ध से डरती हैं जिसे आपने शुरू किया है - ईरान ने नहीं।" उन्होंने कहा, "कोई भी बीमा कंपनी और कोई भी ईरानी और अधिक धमकियों से प्रभावित नहीं होगा।" अराघची की यह पोस्ट विदेश मंत्रालय के उस बयान के बाद आई है जिसमें कहा गया है कि स्ट्रेट में व्यवधान और बढ़ते खतरे के लिए अमेरिका और इजरायल सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं।

पेजेश्कियन ने ट्रंप को दिया साफ संदेश

इससे पहले ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियन ने भी अमेरिका को साफ संदेश दे दिया कि ईरान इस युद्ध में पीछे नहीं हटने वाला है। पेजेश्कियन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "ईरान को मानचित्र से मिटाने का भ्रम एक इतिहास रचने वाले राष्ट्र की इच्छा के विरुद्ध हताशा को दर्शाता है। धमकियां और आतंक केवल हमारी एकता को मजबूत करते हैं। होर्मुज स्ट्रेट उन लोगों को छोड़कर सभी के लिए खुला है जो हमारी धरती का उल्लंघन करते हैं। हम युद्ध के मैदान में इन बेबुनियाद धमकियों का दृढ़ता से सामना करते हैं।"

इजरायल में 4697 लोग घायल

बता दें कि इजरायल में अब तक 4697 लोग घायल हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान जारी कर यह जानकारी दी है। इजरायल के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि लेबनान में ईरान और हिजबुल्लाह के साथ युद्ध शुरू होने के बाद से कुल 4697 घायल लोगों को अस्पतालों में लाया गया है। मंत्रालय के अनुसार, इनमें से 124 लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें से 14 की हालत गंभीर है।

यह भी पढ़ें- 

पश्चिम एशिया संकट पर PM मोदी की हाईलेवल मीटिंग, खाद, तेल, गैस संकट को लेकर मंथन, जानें डिटेल्स

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश