1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ईरान से जंग के बीच इजरायली PM नेतन्याहू का बड़ा बयान, बोले- 'मुज्तबा खामेनेई की जिंदगी की कोई गारंटी नहीं'

ईरान से जंग के बीच इजरायली PM नेतन्याहू का बड़ा बयान, बोले- 'मुज्तबा खामेनेई की जिंदगी की कोई गारंटी नहीं'

 Published : Mar 13, 2026 06:32 am IST,  Updated : Mar 13, 2026 06:49 am IST

अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मुज्तबा खामेनेई को ईरान का सुप्रीम लीडर चुना गया है। अब इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मुज्तबा खामेनेई को लेकर बड़ा बयान दिया है। चलिए जानते हैं कि नेतन्याहू ने क्या कहा है।

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू- India TV Hindi
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू Image Source : AP

Israel Iran war: इजरायल और अमेरिका की ओर से ईरान के खिलाफ संयुक्त सैन्य अभियान जारी है। इजरायल लगातार ईरान पर घातक हमले कर रहा है। जंग के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बड़ा बयान दिया है। नेतन्याहू ने रहा है कि ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल का संयुक्त सैन्य अभियान उम्मीद से कहीं बेहतर चल रहा है। उन्होंने कहा कि इजरायल अब पहले से कहीं अधिक मजबूत हो गया है।

बेंजामिन नेतन्याहू ने क्या कहा?

बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई को लेकर कड़ा बयान देते हुए कहा कि उनके लिए कोई Life Insurance नहीं है। जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या इजरायल मुज्तबा खामेनेई और हिजबुल्लाह नेता नईम कासिम को निशाना बनाएगा, तो उन्होंने जवाब दिया, "मैं किसी भी आतंकवादी संगठन के नेताओं के लिए जीवन बीमा पॉलिसी नहीं लूंगा।"

'ईरानी लोगों के साथ खड़े हैं'

ईरान में सत्ता परिवर्तन की संभावना पर बोलते हुए नेतन्याहू ने कहा कि अमेरिका और इजरायल "ईरानी लोगों के लिए ऐसी परिस्थितियां तैयार कर रहे हैं जिससे वो इस क्रूर और अत्याचारी शासन को उखाड़ फेंक सकें।" उन्होंने कहा, "हम रिवोल्यूशनरी गार्ड्स और बासिज बलों पर लगातार प्रहार कर रहे हैं, हम अभी भी पूरी तरह सक्रिय हैं।" नेतन्याहू ने कहा कि वो पल नजदीक आ रहा है जब ईरान के लोग आजादी के नए रास्ते पर चल सकेंगे। हम आपके साथ खड़े हैं और आपकी मदद कर रहे हैं। लेकिन अंतिम फैसला आपके हाथ में है, यह आपकी जिम्मेदारी है।

'जंग ने क्षेत्र को पूरी तरह बदल दिया है'

जब पत्रकारों ने नेतन्याहू से पूछा कि क्या इजरायल सत्ता बदलाव के लिए सीधे दबाव डालेगा तो उन्होंने कहा, "आप किसी को पानी तक ले जा सकते हैं, लेकिन उसे पीने के लिए मजबूर नहीं कर सकते। हम सर्वोत्तम स्थितियां बनाएंगे, जिसमें हवाई हमले भी शामिल हैं, जैसा हम इन दिनों कर रहे हैं ताकि उन्हें सड़कों पर उतरने का मौका मिले।" उन्होंने जोर देकर कहा कि इस जंग ने क्षेत्र को पूरी तरह बदल दिया है "अब ईरान वैसा नहीं रहा, मध्य पूर्व वैसा नहीं रहा, और इजरायल भी वैसा नहीं रहा।"

इजरायल के पास हैं कई सरप्राइज

नेतन्याहू ने इजरायल की रणनीति पर बात करते हुए कहा, "हम इंतजार नहीं करते, हम पहल करते हैं, हमला करते हैं और पूरी ताकत से ऐसा करते हैं।" उन्होंने संकेत दिया कि इस अभियान में इजरायल के पास कई सरप्राइज तैयार हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपने संबंधों की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच अब पहले कभी ना देखा गया गठबंधन है। ट्रंप मेरे निजी दोस्त हैं। हम लगभग रोज बात करते हैं, खुलकर विचार साझा करते हैं और मिलकर फैसले लेते हैं।

अमेरिका-इजरायल ने शुरू किया सैन्य अभियान

गौरतलब है कि मुज्तबा के पिता, ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई, 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमलों में मारे गए थे। इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ 'ऑपरेशन रोरिंग लायन' नाम से सैन्य अभियान शुरू किया था, जिसमें अमेरिका भी शामिल हुआ और इसे 'एपिक फ्यूरी' नाम दिया था। अमेरिका और ईरान के संयुक्त अभियान का मकसद ईरान के परमाणु कार्यक्रम को खत्म करना और उसके मिसाइल कार्यक्रम को नष्ट करना है।

यह भी पढ़ें:

मुज्तबा खामेनेई ने नाबालिग रहते कर दिया था ऐसा बड़ा काम, जिसने उन्हें बना दिया ईरान का सुप्रीम लीडर; जानें पूरी कहानी

Israel US Iran War: पीएम मोदी ने ईरानी राष्ट्रपति पेजेश्कियन से की फोन पर बात, इन अहम मुद्दों पर हुई वार्ता

 
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश