Israel US Iran War Update LIVE: इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच चल रही जंग अब अपने 17वें दिन में प्रवेश कर गई है। दोनों ओर से ताबड़तोड़ हमले किए जा रहे हैं। इजरायल और अमेरिका ईरान में अंदर घुसकर हवाई हमले कर रहे हैं तो वहीं ईरान भी ड्रोन और मिसाइलों से हमला कर जवाब दे रहा है। इस बीच अमेरिका ने दावा किया है कि उसने ईरानी नेवी पर जोरदार हमला करते हुए माइन्स बिछाने वाली 10 से ज्यादा बोट्स को बर्बाद कर दिया है।
जंग के बीच ईरान ने दुबई को टारगेट किया है। दुबई मीडिया ऑफिस का कहना है कि सिविल डिफेंस टीमों ने शहर के इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास लगी आग पर काबू पा लिया है। आग ड्रोन हमले की वजह से लगी थी। दुबई सिविल एविएशन अथॉरिटी ने कहा कि वह एयरपोर्ट पर उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर रहा है। इतना ही नहीं ईरान ने अमेरिका-इजरायल के हवाई हमलों के जवाब में खाड़ी देशों यूएई, बहरीन, कुवैत, कतर और सऊदी अरब पर सैकड़ों मिसाइल और ड्रोन दागे हैं। इन हमलों में नागरिक और ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाया गया है।
जंग 28 फरवरी 2026 से तब शुरू हुई थी जब अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त रूप से ईरान पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए थे। इन हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मारे गए थे। अमेरिका और इजरायल का मकसद ईरान के परमाणु कार्यक्रम, बैलिस्टिक मिसाइल क्षमता को नष्ट करना है। फिलहाल, दोनों पक्षों की ओर से हमले जारी हैं। अमेरिका-इजरायल और ईरान से जुड़ी घटनाओं पर ताजा अपडेट्स जानने के लिए इंडिया टीवी की डिजिटल टीम के साथ जुड़े रहें।
संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि उसकी हवाई सुरक्षा प्रणालियां इस समय ईरान की ओर से आ रहे मिसाइल और ड्रोन के खतरों का जवाब दे रही हैं। एक बयान में, मंत्रालय ने कहा कि देश के कुछ हिस्सों में जो आवाजें सुनी गई हैं। मंत्रालय ने तत्काल किसी भी तरह के नुकसान या हताहतों के बारे में और अधिक जानकारी नहीं दी है।
ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी का कहना है कि तेहरान पर हुए हालिया हवाई हमलों में उसके एक क्लिनिक और एक राहत चौकी को नुकसान पहुंचा है। इस समूह द्वारा ऑनलाइन पोस्ट किए गए फुटेज में फर्श पर टूटे हुए कांच और खराब हो चुके उपकरण बिखरे हुए दिखाई दे रहे हैं। यह घटना शहर में कई धमाकों की खबरों के बाद सामने आई है। 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल के हमले शुरू होने के बाद से पूरे ईरान में हुए हमलों से कई अस्पतालों और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं को नुकसान पहुंचा है।
सऊदी रक्षा मंत्रालय ने देश के पूर्वी हिस्से में ड्रोन अटैक को रोकने की घोषणा की है। मंत्रालय ने बताया कि ड्रोन की ताजा लहर में 12 ड्रोन नष्ट किए गए, जबकि उससे पहले 6 ड्रोन मार गिराए गए थे। इसके अलावा, 5 अन्य ड्रोन पहले ही रोक लिए गए थे। यह रिपोर्ट तब आई है, जब मंत्रालय ने सुबह के शुरुआती घंटों में 37 ड्रोन रोकने की जानकारी दी थी।
दुबई पुलिस ने एयरपोर्ट रोड और एयरपोर्ट टनल पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक बंद करने की घोषणा की है। पुलिस ने ड्राइवरों से अपील की है कि जब तक इमरजेंसी ऑपरेशन चल रहे हैं, वो दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करें। इससे पहले, दुबई मीडिया ऑफिस ने बताया था कि सिविल डिफेंस की टीमों ने दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास मौजूद फ्यूल टैंक में से एक पर लगी आग को सफलतापूर्वक काबू बुझा दिया है।
जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने संसद को बताया है कि टोक्यो की होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल टैंकरों को एस्कॉर्ट करने के लिए नौसेना के जहाज भेजने की कोई योजना नहीं है। ताकाइची ने कहा, "हमने एस्कॉर्ट जहाज भेजने के बारे में कोई भी फैसला नहीं किया है। हम लगातार इस बात की जांच कर रहे हैं कि जापान स्वतंत्र रूप से क्या कर सकता है और कानूनी दायरे में रहकर क्या किया जा सकता है।"
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान से की बात की है। मैक्रों ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, ''मैंने अभी-अभी ईरान के राष्ट्रपति से बात की है। मैंने उनसे आग्रह किया कि वो उन हमलों को तुरंत रोकें जो ईरान क्षेत्र के देशों के खिलाफ कर रहा है। चाहे सीधे तौर पर या अपने Proxies के जरिए, जिनमें लेबनान और इराक भी शामिल हैं। मैंने उन्हें याद दिलाया कि फ्रांस पूरी तरह से रक्षात्मक दायरे में रहकर काम कर रहा है, जिसका मकसद अपने हितों, अपने क्षेत्रीय साझेदारों और नौवहन की स्वतंत्रता की रक्षा करना है। यह बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है कि हमारे देश को निशाना बनाया जाए।
मैक्रों ने कहा, ''हम जिस तनाव को बढ़ता हुआ देख रहे हैं, वह पूरे क्षेत्र को अराजकता में धकेल रहा है। गंभीर परिणाम सामने आ रहे हैं और आने वाले वर्षों में भी देखने को मिलेंगे। ईरान के लोग भी, इस पूरे क्षेत्र के अन्य लोगों की तरह, इसकी कीमत चुका रहे हैं। केवल एक नया राजनीतिक और सुरक्षा ढांचा ही सभी के लिए शांति और सुरक्षा सुनिश्चित कर सकता है। ऐसे ढांचे में इस बात की गारंटी होनी चाहिए कि ईरान कभी भी परमाणु हथियार हासिल ना कर पाए; साथ ही, इसके बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम और क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी अस्थिर करने वाली गतिविधियों से पैदा होने वाले खतरों का भी समाधान किया जाना चाहिए। Strait of Hormuz में नौवहन की स्वतंत्रता को जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।''
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने Truth Social पर पोस्ट कर कहा, "ईरान को Master of Media Manipulation and Public Relations का माहिर माना जाता रहा है। वो सैन्य रूप से अप्रभावी और कमजोर हैं, लेकिन 'फेक न्यूज मीडिया' को गलत जानकारी 'परोसने' में वो सचमुच बहुत अच्छे हैं। अब, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एक और गलत जानकारी फैलाने वाला हथियार बन गया है जिसका इस्तेमाल ईरान काफी अच्छे से कर रहा है, खासकर यह देखते हुए कि वो हर गुजरते दिन के साथ पूरी तरह से खत्म होते जा रहे हैं।"
कुवैत के नेशनल गार्ड का कहना है कि उसने पिछले 24 घंटों में 2 ड्रोन मार गिराए हैं। कुवैत के अली अल सलेम बेस पर हुए एक ड्रोन हमले में इटैलियन टास्क फोर्स एयर द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले एक शेल्टर पर निशाना साधा गया था। हमले में वहां तैनात एक रिमोट से चलने वाला विमान नष्ट हो गया था।
सराया औलिया अल-दम समूह ने अपने टेलीग्राम चैनल के जरिए घोषणा की है कि उसने बगदाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास, विक्ट्री बेस पर तैनात अमेरिकी सैनिकों को रॉकेटों से निशाना बनाया है। इस हमले में कम से कम 5 लोग घायल हुए हैं। इराकी अधिकारियों ने बताया कि रॉकेट पास के एक Desalination Plant पर भी गिरे।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर और अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप के बीच बातचीत हुई है। बातचीत में वैश्विक शिपिंग में आ रही रुकावट को खत्म करने के लिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने के महत्व पर चर्चा हुई है। स्टार्मर ने इस बारे में कनाडा के प्रधानमंत्री से भी अलग से बात की है। ट्रंप ने ब्रिटेन और अन्य देशों से अपील की है कि वो ईरान के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों के सुरक्षित गुजरने के लिए युद्धपोत भेजें।
दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्रोन हमले के बाद आग लग गई। सिविल डिफेंस की टीमों ने आग पर काबू पा लिया है। दुबई सिविल एविएशन अथॉरिटी ने सभी यात्रियों और स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती कदम के तौर पर दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स को अस्थायी रूप से सस्पेंड कर दिया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वो अपनी फ्लाइट्स के बारे में ताजा अपडेट के लिए अपनी-अपनी एयरलाइंस से संपर्क करें।
एयरफोर्स वन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हमारी सेना उन जगहों पर हमला कर रहा ही जहां ईरान ऐसे ड्रोन बना रहा है जिनका इस्तेमाल US और इजरायल पर हमले करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा, "ईरान के पास अब बहुत कम मारक क्षमता बची है। हमने उनकी उत्पादन क्षमता को पूरी तरह से खत्म कर दिया है।" ट्रंप ने कहा, "इसी तरह, ड्रोन की संख्या भी बहुत कम हो गई है, उनके पास जितने ड्रोन थे, अब उसका लगभग 20 प्रतिशत ही बचा है। हम उन जगहों पर हमला कर रहे हैं जहां वो इन ड्रोनों का निर्माण करते हैं।"
ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने तेहरान में ईंधन डिपो पर इजरायली हमलों की निंदा की है। अराघची ने इन कार्रवाइयों को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया है। एक्स पर एक बयान में, अराघची ने कहा, "निवासियों को अपने स्वास्थ्य और भलाई को लंबे समय तक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है, मिट्टी और भूजल के दूषित होने का असर पीढ़ियों तक रह सकता है।" उन्होंने कहा, "इजरायल को उसके युद्ध अपराधों के लिए सजा मिलनी चाहिए।"
संपादक की पसंद