1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने दक्षिण कोरिया को लेकर जमकर निकाली भड़ास, दिया बड़ा बयान

किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने दक्षिण कोरिया को लेकर जमकर निकाली भड़ास, दिया बड़ा बयान

 Edited By: Amit Mishra
 Published : Aug 20, 2025 12:44 pm IST,  Updated : Aug 20, 2025 12:44 pm IST

अमेरिका और दक्षिण कोरिया के संयुक्त सैन्य अभ्यास को लेकर उत्तर कोरिया की ओर से लगातार बयान दिए जा रहे हैं। उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने भी अब इसपर प्रतिक्रिया दी है।

उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग- India TV Hindi
उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग Image Source : AP

सियोल: उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने एक बहार फिर दक्षिण कोरिया को लेकर बड़ा बयान दिया है। किम यो जोंग ने कहा है कि उनका देश कभी भी दक्षिण कोरिया को कूटनीतिक बातचीत के लिए एक साझेदार के रूप में नहीं देखेगा। सरकारी मीडिया ने बुधवार को इस बारे में जानकारी दी है। किम यो जोंग के बयान से साफ हो गया है कि फिलहाल दोनों देशों के बीच कुछ भी बदलने वाला नहीं है। किम जोंग उन की विदेश नीति के शीर्ष अधिकारियों में से एक किम यो जोंग ने दक्षिण कोरिया और अमेरिका के जारी सैन्य अभ्यास को हमले की तैयारी बताया और कहा कि शांति की कोशिशों के पीछे सियोल की उत्तर कोरिया के खिलाफ बुरी मंशा छिपी है। 

अधिकारियों के साथ किम यो जोंग ने की बैठक

उत्तर कोरिया की सरकारी ‘कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी’ (केसीएनए) ने खबर में बताया कि उन्होंने यह टिप्पणी विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक के दौरान की है। इस बैठक में उन्होंने विरोधियों से लगातार खतरों और तेजी से बदलते भू-राजनीतिक परिदृश्य के बीच अपने भाई की कूटनीतिक रणनीतियों पर चर्चा की। 

किम जोंग उन ने की थी निंदा

इससे पहले, सोमवार को उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने दक्षिण कोरिया और अमेरिका के बीच जारी सैन्य अभ्यास की निंदा की थी। किम जोंग उन ने दुश्मनों का मुकाबला करने के लिए देश की परमाणु ताकत को तेजी से बढ़ाने का संकल्प भी लिया था। 

क्या कर रहे हैं दक्षिण कोरिया और अमेरिका

दक्षिण कोरिया और अमेरिका ने सोमवार को अपना वार्षिक संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘उल्ची फ्रीडम शील्ड’ शुरू किया। दोनों देशों का यह अभ्यास परमाणु-हथियार संपन्न उत्तर कोरिया से उत्पन्न खतरों का बेहतर ढंग से मुकाबला करने की तैयारियों का हिस्सा है। यह 11 दिवसीय अभ्यास साल में 2 बार होने वाले बड़े पैमाने पर युद्धाभ्यास में से दूसरा है। इसमें 21,000 सैनिक शामिल हैं, जिनमें 18,000 दक्षिण कोरियाई हैं। दक्षिण कोरिया और अमेरिका का कहना है कि यह अभ्यास रक्षात्मक है, लेकिन उत्तर कोरिया लंबे समय से इन्हें हमले की तैयारी बताता आया है और अक्सर ऐसे मौकों पर हथियार परीक्षण करता है। (एपी)

यह भी पढ़ें: 

ट्रंप के साथ मीटिंग में माइक पर नहीं गया मेलोनी का ध्यान, जेलेंस्की को लेकर जो कहा वो हो गया वायरल

ट्रंप ने दिया जेलेंस्की को झटका, कहा- 'यूक्रेन की रक्षा के लिए नहीं भेजेंगे अमेरिकी सैनिक'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश