1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. अग्निकांड में मारे गए लोगों के परिजनों को 15-15 हजार डॉलर मुआवजा देगी कुवैत सरकार

अग्निकांड में मारे गए लोगों के परिजनों को 15-15 हजार डॉलर मुआवजा देगी कुवैत सरकार

 Edited By: Amit Mishra
 Published : Jun 19, 2024 12:54 pm IST,  Updated : Jun 19, 2024 12:54 pm IST

कुवैत में हुए भीषण अग्निकांड में मारे गए लोगों के परिजनों की मदद के लिए कुवैत सरकार आगे आई है। सरकार नें मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने का ऐलान किया है।

Kuwait fire- India TV Hindi
Kuwait fire Image Source : FILE REUTERS

दुबई/कुवैत सिटी: कुवैत की सरकार दक्षिण अहमदी गवर्नरेट में पिछले दिनों हुए अग्निकांड में मारे गए 46 भारतीयों समेत सभी 50 लोगों के परिजनों को 15-15 हजार डॉलर का मुआवजा देगी। एक खबर में यह दावा किया गया है। कुवैत के अधिकारियों के अनुसार मंगाफ इलाके में 12 जून को सात मंजिला इमारत में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी। इमारत में 196 प्रवासी श्रमिक रह रहे थे जिनमें अधिकतर भारतीय थे।

संबंधित दूतावासों को पहुंचाई जाएगी राशि

‘अरब टाइम्स’ अखबार में मंगलवार को प्रकाशित खबर के अनुसार कुवैत के अमीर, शेख मेशाल अल-अहमद अल-जबर अल-सबाह के आदेश पर मृतकों के परिजन को 15-15 हजार डॉलर (12.5 लाख रुपये) की राशि मुआवजे के तौर पर दी जाएगी। सरकारी सूत्रों के हवाले से अखबार ने लिखा कि संबंधित दूतावासों को यह राशि पहुंचाई जाएगी। अग्निकांड में फिलीपींस के तीन नागरिक भी मारे गए थे और एक मृतक की पहचान नहीं हुई है। खबर में कहा गया है कि संबंधित दूतावास मृतकों के परिजनों तक राशि पहुंचाने का काम करेंगे।

दिए गए थे निर्देश 

बता दें कि, हाल ही में कुवैत के अमीर शेख मेशाल अल-अहमद अल-जबर अल-सबाह ने मृतकों के परिवारों को वित्तीय सहायता वितरित करने के निर्देश जारी किए थे। हालांकि तब उन्होंने मुआवजे की राशि का उल्लेख नहीं किया था। इस बीच, घटना के बाद सुरक्षा उपायों में लापरवाही के कारण हत्या और चोट पहुंचाने के आरोप में एक कुवैती नागरिक और कई विदेशियों को गिरफ्तार किया गया है। 

केंद्र और राज्य सरकार ने भी किया मदद का ऐलान 

भारत सरकार ने भयावह अग्निकांड में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की थी। केरल सरकार ने पिछले सप्ताह कहा था कि वह इस हादसे में जान गंवाने वाले अपने राज्य के लोगों के परिवारों को पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद देगी। (भाषा)

यह भी पढ़ें:

Hajj 2024: भीषण गर्मी बनी जानलेवा, मक्का में 550 से अधिक हाजियों की हुई मौत; 52°C के करीब पहुंचा पारा

Explainer: चमचमाते चीन के पीछे का काला सच, जानें क्या है '996 वर्क कल्चर' जिसे लेकर मचा है घमासान, कर्मचारी हैं परेशान

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश