इस्लामाबाद: पाकिस्तान की जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने देश के स्वतंत्रता दिवस (14 अगस्त) पर एक और बड़े विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। उन्होंने दोटूक कहा है कि वह कभी भी “लुटेरों और मूर्खों के गठबंधन” के सामने नहीं झुकेंगे। उनका इशारा स्पष्ट रूप से प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन की ओर था।
2023 से जेल में हैं इमरान
72 वर्षीय इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने 5 अगस्त को ‘फ्री इमरान खान मूवमेंट’ के तहत देशव्यापी प्रदर्शन किया था। इस दौरान पार्टी के 1,000 से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। इमरान खान को 5 अगस्त 2023 को एक भ्रष्टाचार मामले में अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने के बाद लाहौर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया था। तब से उन्हें कई अन्य मामलों में सजा होने के कारण जेल में ही रखा गया है।
आजादी के दिन बड़े आंदोलन का ऐलान
खान ने गुरुवार को अपने ‘एक्स’ अकाउंट पर एक संदेश साझा करते हुए कहा, "हमारा अगला निर्णायक क्षण 14 अगस्त है। वह दिन जब हमारे पूर्वजों ने इस भूमि को ब्रिटिश शासन से मुक्त कराया था। लेकिन अभी हमें सच्ची आजादी हासिल करनी है। जब तक संविधान और कानून का शासन बहाल नहीं होता, तब तक हम खुद को आजाद राष्ट्र नहीं कह सकते।"
फासीवाद के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान
इमरान ने कहा, "इस स्वतंत्रता दिवस पर पूरे देश को एकजुट होकर उठ खड़ा होना चाहिए और हमारे देश में फैले फासीवाद के खिलाफ आवाज़ उठानी चाहिए।" खान का यह बयान ऐसे समय आया है जब उनके समर्थक सरकार और सेना के खिलाफ आवाज़ बुलंद कर रहे हैं। PTI अब भी दावा करती है कि खान को राजनीतिक प्रतिशोध के तहत निशाना बनाया गया है। (भाषा)