इस्लामाबाद: पाकिस्तान की सियासत में इस समय हड़कंप मचा हुआ है। बीती रात के सियासी हंगामे के बाद इमरान खान की सरकार गिर गई और इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग के दौरान 174 वोट मिले। इमरान की सरकार गिरने के बाद उनके करीबियों के यहां छापेमारी भी शुरू हो गई और इमरान के देश छोड़कर जाने पर भी पाबंदी लग गई। माना जा रहा है कि इमरान के बाद अब शाहबाज शरीफ पाकिस्तान के नए पीएम बन सकते हैं।
पीटीआई के सभी सांसदों ने नेशनल असेंबली में सामूहिक इस्तीफा देने का फैसला किया है। फवाद चौधरी का कहना है कि पार्टी नई सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू करेगी।
अविश्वास प्रस्ताव हारने के बाद इमरान खान का पहला ट्वीट आया है। उन्होंने लिखा कि 1947 में पाकिस्तान एक स्वतंत्र देश बना लेकिन आज फिर से सत्ता परिवर्तन की एक विदेशी साजिश के खिलाफ स्वतंत्रता संग्राम शुरू हो रहा है। हमेशा देश के लोग ही अपनी संप्रभुता और लोकतंत्र की रक्षा करते हैं।
पाकिस्तान में संयुक्त विपक्ष ने पहले ही ऐलान किया था कि पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के अध्यक्ष शहबाज शरीफ उनके संयुक्त उम्मीदवार होंगे। इमरान खान को सत्ता से बेदखल करने के बाद शहबाज शरीफ के प्रधानमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। लेकिन पीएम बनने से पहले ही शहबाज ने कश्मीर राग अलापा है। उन्होंने कहा कि वह भारत के साथ शांति चाहते हैं लेकिन कश्मीर विवाद के हल के बिना ये संभव नहीं हो सकती।
ब्रिटिश फाइनेंसर और पर्यावरणविद् बेन गोल्डस्मिथ ने ट्वीट कर इमरान खान का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि इमरान खान एक अच्छे व्यक्ति हैं, उन्होंने पर्यावरण के मुद्दे पर अच्छा काम किया है।
इमरान खान की सरकार गिरने के बावजूद इमरान खान की पार्टी PTI ने नॉमिनेशन फॉर्म खरीदे हैं। नॉमिनेशन के लिए 2.30 बजे तक का ही वक्त दिया गया है। इससे पहले पीटीआई ने नॉमिनेशन फाइल करने के लिए 4 बजे के आस-पास का समय मांगा था।
विपक्ष ने शाहबाज शरीफ को पीएम कैंडीडेट चुन लिया है। शाहबाज शरीफ थोड़ी देर में नामांकन दाखिल करेंगे। बता दें कि नॉमिनेशन ढाई बजे तक फाइल करना है।
इमरान खान की सरकार गिरने के बाद वाशिंगटन से भी बयान सामने आया है। दरअसल इमरान ने पाकिस्तान के सियासी संकट के लिए अमेरिका को दोषी ठहराया था और कहा था कि अमेरिका चाहता है कि उनकी सत्ता पाकिस्तान में ना रहे। इस पर वाशिंगटन ने अपनी किसी भी भूमिका के होने से इनकार किया है।
पीएम का चुनाव करने के लिए आज दोपहर 2 बजे से बैठक होगी। इस बारे में जानकारी देते हुए पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के अयाज सादिक ने बताया कि नए प्रधानमंत्री के लिए नामांकन पत्र रविवार को दोपहर 2 बजे तक जमा किया जा सकता है और इसकी जांच दोपहर 3 बजे तक की जाएगी।
पाकिस्तान की संसद में नई सरकार के लिए सोमवार को वोटिंग होगी। सबसे ज्यादा संभावना इस बात की है कि विपक्षी नेता शहबाज शरीफ के नेतृत्व में एक नई सरकार बन सकती है।
इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान में आज प्रदर्शन करेगी। अलग-अलग शहरों में प्रदर्शन का समय भी अलग तय किया गया है।
सरकार गिरते ही इमरान खान की मुसीबतें भी बढ़ गई हैं। अब इमरान खान देश छोड़कर नहीं जा सकते हैं। इसके अलावा इमरान, फवाद चौधरी और शाह महमूद के खिलाफ याचिका दायर कर मांग की गई है कि तीनों का नाम एग्जिट कंट्रोल लिस्ट (ECL) में डाला जाए।
इमरान खान की सरकार के गिरते ही उनके करीबियों पर छापेमारी शुरू हो गई है। इमरान की पार्टी के नेता अर्सलन खालिद के घर पर छापेमारी हुई है और उनके परिजनों के फोन छीन लिए गए हैं।
इमरान खान ने पाकिस्तान में अपनी सरकार गिरने के बाद बैठक बुलाई है। इमरान खान पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के अध्यक्ष हैं और उन्होंने पार्टी की कोर कमेटी की बैठक बुलाई है। इसी बैठक में इमरान आगे की रणनीति बताएंगे।
इमरान खान की सरकार गिरने के बाद शाहबाज शरीफ पाकिस्तान के नए पीएम हो सकते हैं। वह पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के मौजूदा अध्यक्ष हैं और पाक पूर्व पीएम नवाज शरीफ के भाई हैं।
पाकिस्तान में देर रात तक चले हंगामे के बाद इमरान खान की सरकार राजनीतिक पिच पर आउट हो गई। पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में अविश्वास प्रस्ताव पर शनिवार आधी रात के बाद हुए मतदान में इमरान खान को हार का सामना करना पड़ा है। इमरान पाकिस्तान के इतिहास में ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्हें अविश्वास प्रस्ताव के जरिए हटाया गया है।
संपादक की पसंद