पेशावर: पाकिस्तान में एक बार फिर पोलियो के नए मामले सामने आए हैं। पोलियो के तीन और मामले सामने आने के साथ देश में इस वर्ष इसकी कुल संख्या बढ़कर 17 हो गई है। अधिकारियों ने रविवार को इस बारे में जानकारी दी है। पाकिस्तान पोलियो उन्मूलन कार्यक्रम (पीपीईपी) के एक बयान में कहा गया है कि नवीनतम मामलों में खैबर पख्तूनख्वा के लक्की मरवात और उत्तरी वजीरिस्तान जिले से दो मामले और सिंध के उमेकद्रकोट जिले से एक मामला शामिल है।
ये तो हाल है पाकिस्तान का
पाकिस्तान में पोलियो के नए मामले सामने आने के बाद 2025 में यहां पोलियो के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है, जिनमें से 10 खैबर पख्तूनख्वा से हैं। पाकिस्तान, अफगानिस्तान के साथ दुनिया के उन दो देशों में शामिल है, जहां पोलियो के मामले अब भी सामने आ रहे हैं।

पोलियो कर्मियों को बनाया जाता है निशाना
पाकिस्तान में पोलियो के नाम पर क्या-क्या होता इस बारे में जानकर आप रह जाएंगे। हाल ही में खैबर पख्तूनवा के बाजौर जिले में पोलियो की दवा पिलाने गई एक टीम पर फायरिंग की गई थी। इसमें एक अधिकार की मौत हो गई थी। पाकिस्तान में कई ऐसे गुट हैं जो पोलियो अभियान के दुश्मन बने हुए हैं। यही कारण है कि पाकिस्तान में अब तक पोलियो को खत्म नहीं किया जा सका है। पाकिस्तान में कई ऐसे लोग हैं जो पोलियो की दवा को इस्लाम से जोड़कर देखते हैं और बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का विरोध करते हैं।
कट्टरपंथियों का विरोध
पाकिस्तान के कट्टरपंथियों का मानना है कि पोलियो की बूंद इंसान को नपुंसक बना देती है। उनका कहना है कि यह मुसलमानों की आबादी कम करने की बड़ी साजिश है। पिछले 13 सालों में पोलियो अभियान में 109 से अधिक लोगों ने जान गंवाई है। कई लोगों का अपहरण भी हुआ है। पाकिस्तान में जून 2025 तक इस गंभीर बीमारी को खत्म करने के लिए बड़े स्तर पर एक रणनीति बनाई गई थी। लेकिन, अब नए मामले सामने आने के बाद सारी रणनीति फेल हो गई है। WHO के मुताबिक, पाकिस्तान और अफगानिस्तान दुनिया के ऐसे देश हैं, जहां पोलियो अब भी महामारी बनी हुई है।। (भाषा)
यह भी पढ़ें:
पाकिस्तान में भीषण सड़क हादसा, 9 की मौत; घायल हुए 30 से अधिक लोगRussia Ukraine War: यूक्रेन ने किया पलटवार, रूस पर कर दी घातक ड्रोन स्ट्राइक; मचाई तबाही