1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. "मालदीव के 60वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होना मेरे लिए एक सम्मान की बात", पीएम मोदी ने किया ट्वीट

"मालदीव के 60वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होना मेरे लिए एक सम्मान की बात", पीएम मोदी ने किया ट्वीट

 Published : Jul 26, 2025 06:48 pm IST,  Updated : Jul 26, 2025 06:50 pm IST

पीएम मोदी ने मालदीव के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने को अपने लिए सम्मान की बात बताया है। उन्होंने इस दौरान मालदीव के विभिन्न पार्टियों के राजनेताओं और भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की।

मालदीव के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने जाते पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुइज्जू (बाएं) व भारतीय- India TV Hindi
मालदीव के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने जाते पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुइज्जू (बाएं) व भारतीय समुदाय के लोगों के बीच प्रधानमंत्री मोदी (दाएं) Image Source : X@NARENDRAMODI

मालेः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को मालदीव के हीरक जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने के बाद वहां के विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के नेताओं और भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की। मुलाकात की इन तस्वीरों को पीएम मोदी ने अपने एक्स एकाउंट पर शेयर किया है। उन्होंंने मालदीव के 60वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने को सम्मान की बात करार दिया।

मालदीव को पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

उन्होंने एक्स पर लिखा, "मालदीव के 60वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होना मेरे लिए एक सम्मान की बात रही। यह ऐतिहासिक अवसर मालदीव के समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और जीवंत आत्मा को दर्शाता है। साथ ही यह पिछले वर्षों में देश के बदलाव की यात्रा का प्रतीक भी है। प्राचीन समुद्री परंपराओं से लेकर जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों में नेतृत्व तक, मालदीव ने विश्व मंच पर अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। महान मालदीववासियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।"

 

पीएम मोदी ने क्या कहा

भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने लिखा, "भारतीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग (ITEC) कार्यक्रम के लाभार्थियों के साथ बातचीत करना एक सुखद अनुभव रहा। यह पहल क्षमता निर्माण पर केंद्रित है। इस समूह में पुलिस अधिकारी, सरकारी अधिकारी, पैरा-मेडिक्स और नर्सें शामिल थीं। ये सभी वास्तव में भारत-मालदीव मित्रता की भावना और हमारे दोनों देशों के गहरे संबंधों के प्रतीक हैं।" 

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, "यहां मालदीव में भारतीय समुदाय के साथ हुई बातचीत की कुछ और झलकियां प्रस्तुत हैं। मालदीव में भारतीय समुदाय से भी संवाद किया। यह सराहनीय है कि वे मालदीव की प्रगति में योगदान दे रहे हैं और साथ ही भारत से अपने जुड़ाव को भी बनाए रखे हुए हैं।"

मालदीव के नेताओं से भी की वार्ता

पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि मालदीव के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ एक सार्थक बैठक हुई। राजनीतिक क्षेत्र के सभी पक्षों की भागीदारी यह दर्शाती है कि भारत-मालदीव की मजबूत और समय की कसौटी पर खरी उतरी मित्रता को सर्वदलीय समर्थन प्राप्त है। हमारे साझा मूल्य इस महत्वपूर्ण साझेदारी को निरंतर मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश