1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ट्रंप ने और गिराया अपना स्तर, दुनिया भर में आतंकवाद फैलाने वाले पाकिस्तान के PM शहबाज और मुनीर को कहा-"महान लोग"

ट्रंप ने और गिराया अपना स्तर, दुनिया भर में आतंकवाद फैलाने वाले पाकिस्तान के PM शहबाज और मुनीर को कहा-"महान लोग"

 Written By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Oct 26, 2025 03:15 pm IST,  Updated : Oct 26, 2025 03:15 pm IST

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और पाक आर्मी चीफ असीम मुनीर की तारीफ में लगातार कसीदे पढ़ रहे हैं। इस बार ट्रंप ने आसियान समिट के दौरान दोनों को महान लोग कहकर संबोधित किया।

पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ असीम मुनीर के बीच में खड़े अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।- India TV Hindi
पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ असीम मुनीर के बीच में खड़े अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। Image Source : AP

कुआलालंपुरः अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान से भू-खनिज और अन्य लाभ हासिल करने की चाह में अपना स्तर काफी हद तक गिरा लिया है। बातों-बातों में इन दिनों शहबाज शरीफ और असीम मुनीर की चापलूसी भरी तारीफ करने वाले ट्रंप ने अपने स्तर को इस बार और भी ज्यादा गिरा लिया है। अबकी बार राष्ट्रपति ट्रंप ने पाक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ असीम मुनीर को महान लोग करार दिया है। ट्रंप ने शहबाज और मुनीर की तारीफ में सारे कसीदे पढ़ डाले।

पाकिस्तान-अफगानिस्तान विवाद जल्द सुलझाने का किया वादा   

ट्रंप ने पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ आसिम मुनीर की तारीफ के साथ पाक-अफगान विवाद को "जल्द" सुलझाने का वादा किया। मलेशिया के कुआलालंपुर में आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान थाईलैंड-कंबोडिया शांति समझौते पर हस्ताक्षर करते हुए ट्रंप ने पाकिस्तानी नेताओं को "महान लोग" बताया। ट्रंप ने हाल के दिनों में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ मुनीर के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध दिखाया है। ट्रंप मलेशिया के कुआलालंपुर में आसियान शिखर सम्मेलन के साइडलाइन पर थाईलैंड-कंबोडिया शांति समझौते के हस्ताक्षर समारोह में यह बातें कहीं। 


ट्रंप ने कहा-हम हर महीने एक युद्ध खत्म कर रहे


थाईलैंड-कंबोडिया झड़पों का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा कि यह उनकी सरकार ने "केवल आठ महीनों में आठ युद्ध सुलझाया है। उन्होंने कहा, "हम महीने में औसतन एक युद्ध समाप्त कर रहे हैं। अब केवल एक बचा है, हालांकि मैंने सुना है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान ने फिर से शुरू कर दिया है, लेकिन मैं इसे बहुत जल्द सुलझा लूंगा। मैं दोनों को जानता हूं।  पाकिस्तान के फील्ड मार्शल तथा प्रधानमंत्री महान लोग हैं, और मुझे कोई संदेह नहीं कि हम इसे जल्द ही पूरा कर लेंगे।"ट्रंप ने कहा कि वे मानते हैं कि युद्ध सुलझाना कुछ ऐसा है जो वे कर सकते हैं। ट्रंप ने कहा कि "मैं इसे अच्छे तरीके से करता हूं"। 

जिंदगियां बचाने के लिए खत्म करवाता हूं युद्ध

ट्रंप ने आगे कहा, "मुझे लगता है कि मुझे यह करने की जरूरत नहीं है.. लेकिन अगर मैं समय निकालकर लाखों जिंदगियां बचा सकूं, तो यह वास्तव में एक महान काम है। मुझे इससे बेहतर कुछ और करने का विचार नहीं आता।" अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि आठ महीनों में आठ युद्ध समाप्त करने जैसा कभी नहीं हुआ, और "ऐसा फिर कभी नहीं होगा"।"मुझे कोई ऐसा राष्ट्रपति नहीं दिखता जो कभी एक युद्ध सुलझा पाया हो। मुझे लगता है कि कोई नहीं। वे युद्ध शुरू करते हैं, सुलझाते नहीं। ट्रंप ने कहा कि "इतिहास में ऐसा कुछ नहीं हुआ" और वे इसका हिस्सा बनने पर सम्मानित महसूस करते हैं। उन्होंने थाईलैंड-कंबोडिया संघर्ष और उसके बाद के शांति समझौते का जिक्र करते हुए कहा "संयुक्त राज्य अमेरिका की ओर से, मुझे इस संघर्ष को सुलझाने और वास्तव में अच्छी दोस्तियां विकसित करने पर गर्व है, जिसमें प्रत्येक टीम के साथ काम करने वाले लोग शामिल हैं

ह्वाइट हाउस में ट्रंप ने किया था शहबाज और मुनीर का स्वागत

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने सितंबर में अमेरिका के व्हाइट हाउस में ट्रंप से मुलाकात की थी। मुलाकात से पहले ट्रंप ने संवाददाताओं से कहा, "वास्तव में, हमारे पास एक महान नेता आ रहा है, पाकिस्तान का प्रधानमंत्री आ रहा है, और पाकिस्तान का फील्ड मार्शल। फील्ड मार्शल एक बहुत ही महान व्यक्ति है, और प्रधानमंत्री भी। दोनों आ रहे हैं, और वे अभी इस कमरे में हो सकते हैं, मुझे नहीं पता, क्योंकि हम देर से हैं, और मैंने कहा कि शायद वे शामिल होना चाहें। वे वास्तव में खूबसूरत ओवल ऑफिस में कहीं हो सकते हैं।"यह शरीफ का व्हाइट हाउस का पहला दौरा था। दूसरी ओर आसिम मुनीर इस साल दो बार वाशिंगटन गए। इस गर्मी की शुरुआत में ट्रंप ने उन्हें व्हाइट हाउस में दोपहर का भोजन कराया, और फिर सितंबर में शरीफ के साथ रहे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश